Full Story
मुंबई। काजल अग्रवाल और श्रेयस तलपड़े स्टारर फिल्म 'द इंडिया स्टोरी: स्लो पॉइज़न इन प्रोग्रेस' का दमदार टीजर रिलीज हो गया है, जो कीटनाशक खेती के बढ़ते खतरे, उससे पैदा हो रहे खामोश सेहत संकट और समाज पर पड़ रहे उसके गंभीर असर को बेबाकी से सामने लाते हुए एक अहम सामाजिक बहस की शुरुआत करता है। टीजर में दिखी इंसाफ की जंग टीजर में काजल अग्रवाल और श्रेयस तलपड़े ऐसे किरदारों में नजर आते हैं, जो इंसाफ की लड़ाई लड़ते हुए जहरीले केमिकल्स की हकीकत दुनिया के सामने लाने की कोशिश करते हैं। फिल्म दिखाती है कि कैसे खेतों में इस्तेमाल होने वाले कीटनाशक धीरे-धीरे हमारी रोजमर्रा की खाने-पीने की चीजों में शामिल होकर खास तौर पर नई नस्ल की सेहत के लिए बड़ा खतरा बन रहे हैं। मनोरंजन के साथ मजबूत सोशल मैसेज फिल्म सिर्फ मनोरंजन नहीं बल्कि एक मजबूत सोशल मैसेज भी देती है। इसकी कहानी ऐसे अहम मुद्दे को उठाती है, जिसे लोग अक्सर नजरअंदाज कर देते हैं, जबकि उसका असर लगभग हर घर तक पहुंच चुका है। डायरेक्टर बोले- समाज में यह बातचीत शुरू होना बेहद जरूरी फिल्म के डायरेक्टर चेतन डीके का कहना है कि 'द इंडिया स्टोरी' सिर्फ एक फिल्म नहीं बल्कि एक ऐसी बातचीत की शुरुआत है, जिसकी आज समाज को सख्त जरूरत है। उन्होंने कहा कि फिल्म का मकसद लोगों में जागरूकता पैदा करना और उन्हें यह सोचने पर मजबूर करना है कि आखिर उनकी थाली में क्या परोसा जा रहा है। श्रेयस तलपड़े बोले- हर घर से जुड़ा है यह मुद्दा श्रेयस तलपड़े ने कहा कि कीटनाशक खेती आज हर परिवार से जुड़ा हुआ मसला बन चुकी है लेकिन लोग इसके लंबे समय तक रहने वाले असर को गंभीरता से नहीं लेते। उनके मुताबिक फिल्म में उनका किरदार एक आम पिता की कहानी है, जो खुद से कहीं बड़ी व्यवस्था के खिलाफ लड़ाई लड़ता है। काजल अग्रवाल बोलीं- एक मां होने के नाते यह कहानी दिल के बेहद करीब काजल अग्रवाल ने कहा कि एक मां होने के नाते यह कहानी उन्हें बेहद करीब लगी। उनके मुताबिक फिल्म उन फिक्रों और डर को सामने लाती है, जिनका सामना आज कई मां-बाप कर रहे हैं। उन्हें उम्मीद है कि यह फिल्म लोगों को अपने खाने और आने वाली नस्लों की सेहत के प्रति ज्यादा जागरूक बनाएगी। 24 जुलाई 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में होगी रिलीज़ जी स्टूडियोज और एमआईजी प्रोडक्शन एंड स्टूडियोज के बैनर तले बनी इस फिल्म का निर्देशन चेतन डीके ने किया है जबकि कहानी, लेखन और निर्माण सागर बी. शिंदे ने किया है। 'द इंडिया स्टोरी: स्लो पॉइज़न इन प्रोग्रेस' 24 जुलाई 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में हिंदी, तेलुगु और तमिल भाषा में रिलीज होगी। फिल्म से उम्मीद की जा रही है कि यह दर्शकों का मनोरंजन करने के साथ-साथ उन्हें एक बेहद गंभीर सामाजिक मुद्दे पर सोचने के लिए भी मजबूर करेगी।



Comments
0