Full Story
मुंबई। निर्देशक चिन्मय मांडलेकर ने बताया कि मनोज बाजपेयी स्टारर ‘गवर्नर: द साइलेंट सेवियर’ के एक बड़े एक्शन सीन की शूटिंग के दौरान जहां पूरी यूनिट आग और भीड़-भाड़ वाले लोकेशन पर बेहद एहतियात के साथ काम कर रही थी वहीं अचानक रोहित शेट्टी के सेट पर पहुंचने से माहौल और भी खास बन गया और उनकी मौजूदगी ने पूरी टीम का हौसला बढ़ाने के साथ इस शूट को एक यादगार लम्हे में बदल दिया। चिन्मय ने बताया कि यह सीन आग और बड़े पैमाने के एक्शन से जुड़ा था, इसलिए पूरी यूनिट पूरी तरह चौकन्नी थी। उन्होंने कहा कि ऐसे सीन शूट करते वक्त हर छोटी-बड़ी चीज़ का ख्याल रखना पड़ता है और उनकी टीम ने यही किया। एक्शन डायरेक्टर शिंदे सर ने तमाम सेफ्टी इंतजामात पहले से मुकम्मल कर रखे थे, जिसकी वजह से इतना बड़ा सीन भी बेहद स्मूद तरीके से शूट हो गया। निर्देशक के मुताबिक यह सीन हॉर्निमन सर्कल के पास फिल्माया गया था, जहां भीड़-भाड़ के बीच इतने बड़े स्तर का एक्शन सीक्वेंस शूट करना अपने आप में आसान काम नहीं था। लेकिन पूरी टीम की तैयारी, तजुर्बे और तालमेल की वजह से यह मुश्किल काम भी शानदार अंदाज में पूरा हो गया। इसी शूट से जुड़ा सबसे खास लम्हा तब बना, जब अचानक रोहित शेट्टी वहां पहुंच गए। चिन्मय ने बताया कि रोहित शेट्टी अपनी एक फिल्म के लिए लोकेशन देखने आए थे, लेकिन जैसे ही उन्हें पता चला कि यहां एक एक्शन सीन फिल्माया जा रहा है, वह सीधे सेट पर आ गए। चिन्मय के शब्दों में, यह पल उनकी टीम के लिए बेहद खास था, क्योंकि एक तरफ वे बड़ा एक्शन सीन शूट कर रहे थे और दूसरी तरफ एक्शन फिल्मों के लिए मशहूर रोहित शेट्टी खुद उनके बीच मौजूद थे। चिन्मय ने यह भी बताया कि रोहित शेट्टी ने सेट पर पहुंचकर पूरी टीम को मुबारकबाद और शुभकामनाएं दीं। उनके इस अचानक पहुंचने से टीम का हौसला और बढ़ गया। निर्देशक ने इसे एक खूबसूरत इत्तेफाक बताया और कहा कि कई बार शूटिंग के दौरान ऐसे लम्हे बन जाते हैं, जो लंबे वक्त तक याद रह जाते हैं। ‘इंस्पेक्टर जेंडे’ के बाद चिन्मय मांडलेकर और मनोज बाजपेयी की जोड़ी ने ‘गवर्नर: द साइलेंट सेवियर’ में एक बार फिर अपनी मजबूत क्रिएटिव पार्टनरशिप साबित की है। फिल्म को दर्शकों का अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है और अब फैंस की दिलचस्पी इस बात में भी बढ़ गई है कि चिन्मय अपनी अगली फिल्म में क्या नया और कितना दमदार लेकर आने वाले हैं।



Comments
0