Full Story
मुंबई। पिछले दो कारोबारी सत्रों की गिरावट के बाद निचले स्तरों पर हुई खरीददारी के दम पर घरेलू शेयर बाजार सोमवार को तेजी के साथ बंद हुआ और बीएसई सेंसेक्स 564.03 अंक यानी 0.76 प्रतिशत चढ़कर 74,858.99 अंक तथा एनएसई निफ्टी 67.90 अंक यानी 0.29 प्रतिशत बढ़कर 23,414.30 अंक पर पहुंच गया। हालांकि, बाजार की तेजी के बीच ऊंची कच्चे तेल की कीमतों और प्राइमरी मार्केट में बढ़ी गतिविधियों ने बढ़त को सीमित रखा। मध्य पूर्व और रूस-यूक्रेन संघर्ष से जुड़ी चिंताओं के बीच स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से तेल का प्रवाह बढ़ने के कारण ब्रेंट क्रूड 102 डॉलर प्रति बैरल से नीचे आ गया। सेंसेक्स ने छुआ 74,987 का ऊपरी स्तर सेंसेक्स ने दिन की शुरुआत 74,535.18 अंक से की और कारोबार के दौरान 74,987.40 के ऊपरी स्तर तक पहुंच गया। इसका दिन का निचला स्तर 74,454.18 रहा। अंत में सेंसेक्स पिछले बंद 74,294.96 के मुकाबले 564.03 अंक की मजबूती के साथ 74,858.99 पर बंद हुआ। दूसरी ओर, निफ्टी ने 23,330.20 पर कारोबार शुरू किया और दिन में 23,466.80 के उच्चतम स्तर तक पहुंचा। इसका निचला स्तर 23,314.80 रहा और आखिर में सूचकांक 23,414.30 पर बंद हुआ। दिग्गज शेयर चढ़े, लेकिन मिडकैप-स्मॉलकैप रहे लगभग सपाट बाजार की तेजी मुख्य रूप से बड़ी कंपनियों के शेयरों में दिखाई दी। व्यापक बाजार में तस्वीर काफी हद तक सपाट रही। बीएसई 150 मिडकैप इंडेक्स 0.02 प्रतिशत की मामूली गिरावट के साथ 16,856.97 पर रहा, जबकि बीएसई 250 स्मॉलकैप इंडेक्स 0.09 प्रतिशत बढ़कर 7,209.70 पर पहुंचा यानी सेंसेक्स की 0.76 प्रतिशत की मजबूत छलांग के मुकाबले मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में वैसी तेजी देखने को नहीं मिली। 2224 शेयर चढ़े तो 2232 टूटे बाजार की बढ़त के बावजूद एडवांस-डिक्लाइन आंकड़ों में कांटे की टक्कर दिखाई दी। कुल 4,717 शेयरों में से 2,224 शेयर यानी 47.15 प्रतिशत बढ़त के साथ रहे, जबकि 2,232 शेयर यानी 47.32 प्रतिशत गिरावट में रहे। वहीं 261 शेयर यानी 5.53 प्रतिशत बिना बदलाव के बंद हुए। इस तरह बढ़ने और गिरने वाले शेयरों की संख्या लगभग बराबर रही, बल्कि गिरने वाले शेयरों की संख्या बढ़ने वालों से आठ अधिक रही। रियल्टी ने दिखाई सबसे ज्यादा ताकत सेक्टोरल मोर्चे पर कई सूचकांकों में अच्छी खरीदारी देखने को मिली। इनमें रियल्टी इंडेक्स 1.71 प्रतिशत की बढ़त के साथ सबसे आगे रहा। कंज्यूमर ड्यूरेबल्स में 1.55 प्रतिशत, हेल्थकेयर में 1.12 प्रतिशत और एफएमसीजी में 1.07 प्रतिशत की तेजी दर्ज की गई। इसके अलावा हाउसिंग फाइनेंस इंडेक्स 0.80 प्रतिशत , टॉप-10 बैंक इंडेक्स 0.71 प्रतिशत , एनर्जी 0.61 प्रतिशत , प्राइवेट बैंक इंडेक्स 0.59 प्रतिशत , हॉस्पिटल्स 0.58 प्रतिशत , ऑयल एंड गैस 0.51 प्रतिशत , आईटी 0.48 प्रतिशत , बैंकेक्स 0.47 प्रतिशत और इंडस्ट्रियल्स 0.43 प्रतिशत मजबूत रहे। टेलीकॉम शेयरों पर सबसे ज्यादा मार दूसरी तरफ टेलीकम्युनिकेशन सेक्टर में सबसे ज्यादा बिकवाली दिखाई दी और इसका सूचकांक 1.56 प्रतिशत गिर गया। पावर इंडेक्स में 0.23 प्रतिशत , यूटिलिटीज में 0.22 प्रतिशत , इंश्योरेंस में 0.28 प्रतिशत , मेटल में 0.11 प्रतिशत और ऑटो में 0.09 प्रतिशत की गिरावट रही। मिड-स्मॉल प्राइवेट बैंक क्वालिटी टिल्ट इंडेक्स 0.47 प्रतिशत और मिड-स्मॉल प्राइवेट बैंक इंडेक्स 0.36 प्रतिशत नीचे रहा। अल्ट्राटेक सीमेंट बना बाजार का स्टार, चार प्रतिशत से ज्यादा उछला सेंसेक्स के प्रमुख शेयरों में अल्ट्राटेक सीमेंट ने सबसे दमदार प्रदर्शन किया। इसका शेयर 4.11 प्रतिशत चढ़कर 11,108.65 रुपये पर पहुंच गया। एचसीएल टेक 3.42 प्रतिशत बढ़कर 1,280.30 रुपये , जबकि इटरनल 2.59 प्रतिशत चढ़कर 335 रुपये पर बंद हुआ। टाइटन में 2.49 प्रतिशत , आईटीसी में 1.93 प्रतिशत , टेक महिंद्रा में 1.78 प्रतिशत , सन फार्मा में 1.77 प्रतिशत और एशियन पेंट्स में 1.70 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की गई। एचडीएफसी बैंक से रिलायंस तक ने दिया सहारा बाजार की तेजी में कई दिग्गज शेयरों ने भी योगदान दिया। एचडीएफसी बैंक 1.49 प्रतिशत , टीसीएस 1.39 प्रतिशत , ट्रेंट 1.33 प्रतिशत , लार्सन एंड टुब्रो 1.20 प्रतिशत , भारत इलेक्ट्रॉनिक्स 1.19 प्रतिशत और रिलायंस इंडस्ट्रीज 1.11 प्रतिशत चढ़े। इंडिगो में 0.88 प्रतिशत , हिंदुस्तान यूनिलीवर में 0.78 प्रतिशत , एनटीपीसी में 0.77 प्रतिशत , एक्सिस बैंक में 0.73 प्रतिशत , एसबीआई में 0.63 प्रतिशत , कोटक बैंक में 0.53 प्रतिशत और आईसीआईसीआई बैंक में 0.48 प्रतिशत की तेजी रही। महिंद्रा एंड महिंद्रा, बजाज फिनसर्व और मारुति सुजुकी भी बढ़त के साथ बंद हुए। भारती एयरटेल में सबसे ज्यादा गिरावट तेजी के बाजार में भी कुछ दिग्गज शेयर दबाव में रहे। भारती एयरटेल 1.93 प्रतिशत गिरकर 1,830 रुपये पर बंद हुआ। पावर ग्रिड में 1.15 प्रतिशत , इन्फोसिस में 0.97 प्रतिशत , अदाणी पोर्ट्स में 0.72 प्रतिशत , टाटा स्टील में 0.62 प्रतिशत और बजाज फाइनेंस में 0.29 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई। एशियाई बाजारों में भी हरियाली भारतीय बाजार के साथ प्रमुख एशियाई शेयर बाजारों में भी तेजी का रुख रहा। दक्षिण कोरिया का कोस्पी 1.65 प्रतिशत चढ़ा, जबकि जापान का निक्केई 1.38 प्रतिशत मजबूत हुआ। हांगकांग का हैंगसेंग 1.18 प्रतिशत और चीन का शंघाई कंपोजिट 0.97 प्रतिशत बढ़ा।



Comments
0