Full Story

पटना। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में बिहार का नाम रोशन करने वाले भारतीय तेज गेंदबाज आकाश दीप और एशियन गेम्स में स्वर्ण पदक जीतने वाली इंडियन क्रिकेट टीम के मुकेश कुमार को उनके उत्कृष्ट खेल प्रदर्शन के लिए बिहार सरकार ने बड़ी जिम्मेदारी देते हुए पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) पद पर नियुक्त करने का फैसला किया है। सामान्य प्रशासन विभाग के जारी पत्र के अनुसार, दोनों खिलाड़ियों को बिहार उत्कृष्ट खिलाड़ियों की सीधी नियुक्ति (संशोधन) नियमावली, 2026 के तहत गृह विभाग में पुलिस उपाधीक्षक (वेतन स्तर-9) के पद पर नियुक्त किया जाएगा। रोहतास से टीम इंडिया तक का सफर रोहतास जिले के रहने वाले आकाश दीप ने संघर्षों के बीच भारतीय क्रिकेट में अपनी अलग पहचान बनाई है। घरेलू क्रिकेट में लगातार शानदार प्रदर्शन के बाद उन्हें इंडियन टीम में जगह मिली। हाल के वर्षों में उन्होंने भारतीय टेस्ट टीम के लिए प्रभावी गेंदबाजी कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। बिहार सरकार ने उनकी इसी उपलब्धि को देखते हुए उन्हें खेल कोटे के तहत सीधे सरकारी सेवा में नियुक्त करने का फैसला किया है। सरकार का मानना है कि ऐसे खिलाड़ियों का सम्मान युवाओं को खेलों की ओर प्रेरित करेगा। एशियन गेम्स के स्वर्ण पदक विजेता हैं मुकेश कुमार आकाश दीप के साथ गोपालगंज निवासी तेज गेंदबाज मुकेश कुमार को भी डीएसपी पद के लिए चुना गया है। मुकेश कुमार हांगझोउ में आयोजित 19वें एशियन गेम्स में स्वर्ण पदक जीतने वाली इंडियन क्रिकेट टीम का हिस्सा रहे थे। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में उनके प्रदर्शन को देखते हुए चयन समिति ने उनके नाम की भी अनुशंसा की। कितना मिलेगा वेतन दोनों खिलाड़ियों की नियुक्ति पुलिस उपाधीक्षक पद पर की जाएगी। उन्हें वेतनमान ₹9,300 से ₹34,800, ग्रेड पे ₹5,400 तथा राज्य सरकार द्वारा समय-समय पर स्वीकृत अन्य भत्तों का लाभ मिलेगा। दोनों अधिकारियों को गृह विभाग, बिहार सरकार में पदस्थापित किया जाएगा। नियुक्ति से पहले होगी कई स्तरों पर जांच सरकार ने स्पष्ट किया है कि नियुक्ति से पहले खिलाड़ियों के सभी शैक्षणिक प्रमाणपत्र, खेल उपलब्धियां, आवासीय प्रमाणपत्र और अन्य दस्तावेजों का सत्यापन कराया जाएगा। आरक्षित एवं गैर-आरक्षित श्रेणी का निर्धारण भी नियमानुसार जांच के बाद किया जाएगा। चरित्र एवं पूर्ववृत्त सत्यापन रिपोर्ट प्राप्त होने तक दोनों खिलाड़ियों की नियुक्ति छह माह के लिए अस्थायी रूप से की जाएगी। यदि सत्यापन के दौरान कोई प्रतिकूल जानकारी सामने आती है तो नियुक्ति तत्काल प्रभाव से समाप्त की जा सकती है। पांच वर्षों तक सक्रिय खिलाड़ी बने रहना होगा नियुक्ति के साथ एक महत्वपूर्ण शर्त भी जोड़ी गई है। दोनों खिलाड़ियों को नियुक्ति की तिथि से कम से कम पांच वर्षों तक सक्रिय खिलाड़ी के रूप में प्रतियोगिताओं में भाग लेना होगा। इसके लिए उन्हें एक बांड भी देना होगा। शर्तों का पालन नहीं करने पर उनकी सेवा की पुष्टि नहीं की जाएगी। बिहार के खिलाड़ियों के लिए प्रेरणादायक फैसला खेल विशेषज्ञों का मानना है कि आकाश दीप और मुकेश कुमार को डीएसपी पद पर नियुक्त करने का फैसला बिहार के खिलाड़ियों के लिए एक बड़ा संदेश है। इससे राज्य के युवा खिलाड़ियों को यह भरोसा मिलेगा कि खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने पर उन्हें न केवल राष्ट्रीय पहचान मिलेगी, बल्कि सरकारी सेवा में भी सम्मानजनक अवसर प्राप्त हो सकते हैं।