Full Story

मोतिहारी। बिहार के जमुई में छात्रा के साथ हुई बर्बरता की घटना को लेकर मचे राजनीतिक घमासान के बीच जनसुराज विचार मंच के प्रदेश उपाध्यक्ष राजन द्विवेदी ने वीडियो जारी कर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और राज्य सरकार पर कानून-व्यवस्था को लेकर तीखा हमला बोला है। श्री द्विवेदी ने मंगलवार को कहा कि मुख्यमंत्री के क्षेत्र में इतनी घृणित घटना को अंजाम देने का अपराधियों का हौसला कैसे बढ़ा, सरकार को इसका जवाब देना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि बिहार में अपराधियों के मनोबल पर प्रभावी अंकुश नहीं लग पा रहा है और महिलाओं एवं छात्राओं की सुरक्षा लगातार चिंता का विषय बनी हुई है। उन्होंने कहा कि राज्य में लूट, छेड़छाड़, दुष्कर्म के प्रयास और गोलीबारी जैसी घटनाओं की खबरें लगातार सामने आ रही हैं। मुख्यमंत्री के पुराने बयान का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि श्री चौधरी ने कभी कहा था कि उनके रहते अपराध होने पर वह इस्तीफा दे देंगे। उन्होंने सवाल किया कि उस कथित प्रतिबद्धता के बावजूद सरकार अपनी जवाबदेही कैसे तय कर रही है। जनसुराज नेता ने आरोप लगाया कि घटना को लेकर जनाक्रोश बढ़ने के बाद सरकार आनन-फानन में कार्रवाई का प्रदर्शन कर रही है। उन्होंने प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर पुलिस के कथित लाठीचार्ज तथा एक आरोपी के मुठभेड़ में मारे जाने के घटनाक्रम पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि “पुलिस का इस्तेमाल अपराधियों के खिलाफ होना चाहिए, विरोध कर रहे छात्रों और शिक्षकों के खिलाफ नहीं।” उन्होंने पुलिस कार्रवाई में बल प्रयोग और मुठभेड़ के पूरे घटनाक्रम पर पारदर्शी जांच की मांग करते हुए सरकार की जवाबदेही तय करने की बात कही। श्री द्विवेदी ने कहा कि जमुई की घटना केवल एक परिवार या एक छात्रा का मामला नहीं है बल्कि यह महिलाओं की सुरक्षा और राज्य की कानून-व्यवस्था से जुड़े बड़े सवाल खड़े करती है। उन्होंने सरकार से पूछा कि बिहार में सुशासन कब प्रभावी रूप से दिखाई देगा और बेटियां कब बिना भय के घर से निकल सकेंगी।