Full Story
पटना। बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी समेत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के शीर्ष नेताओं की मौजूदगी में निकले भव्य रोड शो और शक्ति प्रदर्शन के बीच भाजपा प्रत्याशी नीरज कुमार सिन्हा ने सोमवार को अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। भव्य रथ बना रोड शो का आकर्षण भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) कार्यालय से शुरू हुआ रोड शो राजधानी के प्रमुख मार्गों से होते हुए पटना समाहरणालय पहुंचा। इस दौरान विशेष रूप से सजाया गया कमल के प्रतीक चिन्ह और फूलों से सुसज्जित भव्य रथ लोगों के आकर्षण का केंद्र रहा। रथ पर भाजपा प्रत्याशी नीरज कुमार सिन्हा के साथ मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी और राजग के कई वरिष्ठ नेता जनता का अभिवादन करते नजर आए। जगह-जगह लोगों ने फूल बरसाकर उनका स्वागत किया। 'बांकीपुर में फिर खिलेगा कमल' के गूंजे नारे पूरे रोड शो के दौरान "भारत माता की जय" , "वंदे मातरम्" और "बांकीपुर में फिर खिलेगा कमल" जैसे नारों से माहौल चुनावी रंग में रंगा रहा। हजारों कार्यकर्ता पैदल मार्च में शामिल हुए, जबकि बड़ी संख्या में युवा मोटरसाइकिलों पर भाजपा के झंडे लेकर रोड शो का हिस्सा बने। महिलाओं, युवाओं, व्यापारियों और वरिष्ठ नागरिकों ने भी जगह-जगह खड़े होकर भाजपा नेताओं का स्वागत किया। मंदिर में पूजा, फिर नवीन सिन्हा को दी श्रद्धांजलि नामांकन से पहले नीरज कुमार सिन्हा ने राजवंशी नगर स्थित मंदिर में पूजा-अर्चना कर भगवान का आशीर्वाद लिया। इसके बाद उन्होंने नवीन सिन्हा पार्क पहुंचकर स्वर्गीय नवीन सिन्हा की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की और जनसेवा के उनके संकल्प को आगे बढ़ाने की बात कही। राजग के दिग्गज नेता रहे मौजूद पटना समाहरणालय में नामांकन के दौरान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी , भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी , सांसद रविशंकर प्रसाद , जदयू प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा , लोजपा (रामविलास) के प्रदेश अध्यक्ष राजू तिवारी , हम के प्रदेश अध्यक्ष अनिल कुमार , राष्ट्रीय लोक मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष आलोक कुमार समेत राजग के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। समाहरणालय के बाहर भी बड़ी संख्या में कार्यकर्ता भाजपा के समर्थन में नारे लगाते रहे। भाजपा ने विकास और सुशासन के नाम पर मांगा समर्थन भाजपा नेताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी , मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और एनडीए सरकार की विकासवादी नीतियों पर जनता का भरोसा कायम है। उनका दावा है कि बांकीपुर उपचुनाव में एक बार फिर रिकॉर्ड मतों से कमल खिलेगा और विकास, सुशासन व जनकल्याण की राजनीति को मजबूती मिलेगी। बंटी की जगह मैदान में उतरे नीरज सिन्हा गौरतलब है कि भाजपा ने पहले अभिषेक कुमार सिन्हा 'बंटी' को उम्मीदवार बनाया था। उन्होंने 9 जुलाई को नामांकन भी दाखिल किया था लेकिन अगले ही दिन पारिवारिक कारणों का हवाला देते हुए अपना नामांकन वापस लेने की घोषणा कर दी। इसके बाद भाजपा ने नीरज कुमार सिन्हा को बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए अपना नया उम्मीदवार बनाया।



Comments
0