Full Story
मुंबई: फिल्मी दुनिया में कई यादगार कहानियां और सुपरहिट म्यूजिक देने वाले फरहान अख्तर और रितेश सिधवानी अब म्यूजिक इंडस्ट्री में भी बड़ा दांव खेलने जा रहे हैं। दोनों ने अपने प्रोडक्शन हाउस एक्सेल एंटरटेनमेंट के नए म्यूजिक लेबल 'एक्सेल म्यूजिक' की लॉन्चिंग का ऐलान किया है। इस नए प्लेटफॉर्म के जरिए अब सिर्फ अपनी फिल्मों का नहीं बल्कि दूसरे बड़े फिल्ममेकर्स के म्यूजिक को भी नई पहचान दी जाएगी। यूनिवर्सल म्यूज़िक ग्रुप बना रणनीतिक साझेदार एक्सेल म्यूजिक को लॉन्च करने में यूनिवर्सल म्यूज़िक ग्रुप (यूएमजी) भी अहम भूमिका निभा रहा है। कंपनी इस नए लेबल में रणनीतिक शेयरहोल्डर होने के साथ-साथ मार्केटिंग और डिस्ट्रीब्यूशन पार्टनर भी होगी। मकसद यह है कि भारतीय म्यूज़िक को सिर्फ देश ही नहीं, बल्कि दुनिया भर के सुनने वालों तक पहुंचाया जा सके। 'मिर्जापुर: द मूवी' से होगी नई शुरुआत एक्सेल म्यूजिक की पहली पेशकश 'मिर्जापुर: द मूवी' का साउंडट्रैक एल्बम होगा। यह फिल्म 4 सितंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। एल्बम का पहला गाना हरियाणवी म्यूज़िक इंडस्ट्री के चर्चित कलाकार धांडा की आवाज़ में होगा। खास बात यह है कि इसी गाने के साथ धांडा बॉलीवुड में अपना डेब्यू भी करेंगे। यह गाना इसी हफ्ते रिलीज किया जाएगा। दो दशक के म्यूजिकल सफर को मिलेगा नया मुकाम एक्सेल एंटरटेनमेंट पिछले दो दशक में 'दिल चाहता है', 'लक्ष्य', 'रॉक ऑन!!', 'कार्तिक कॉलिंग कार्तिक', 'जिंदगी ना मिलेगी दोबारा', 'दिल धड़कने दो', 'बार-बार देखो', 'रईस' और 'गली बॉय' जैसी फिल्मों के ज़रिए कई यादगार म्यूजिक एल्बम दे चुका है। अब एक्सेल म्यूजिक इन फिल्मों के ओरिजिनल साउंडट्रैक और बैकग्राउंड स्कोर के साथ-साथ दूसरे बड़े प्रोडक्शन हाउस की फिल्मों का म्यूजिक भी अपने प्लेटफॉर्म पर रिलीज करेगा। 'म्यूजिक हमेशा हमारी रचनात्मक पहचान का हिस्सा रहा' एक्सेल एंटरटेनमेंट के संस्थापक फरहान अख्तर और रितेश सिधवानी ने कहा कि संगीत हमेशा उनकी रचनात्मक यात्रा का अहम हिस्सा रहा है। उन्होंने कहा कि एक्सेल म्यूजिक उसी सोच का अगला कदम है और वे देश के बेहतरीन क्रिएटिव टैलेंट के साथ मिलकर ऐसा संगीत बनाना चाहते हैं, जो आने वाली नस्लों तक लोगों के दिलों में अपनी जगह बनाए रखे। दुनिया भर तक पहुंचेगा भारतीय संगीत यूनिवर्सल म्यूज़िक ग्रुप इंडिया और साउथ एशिया के मैनेजिंग डायरेक्टर सानुजीत भुजाबल ने कहा कि एक्सेल एंटरटेनमेंट ने पिछले 20 वर्षों में अपनी फिल्मों के जरिए हिंदी सिनेमा को नई पहचान दी है। उन्होंने कहा कि यूनिवर्सल म्यूजिक अपने ग्लोबल नेटवर्क, कलाकारों और आधुनिक मार्केटिंग सिस्टम के जरिए एक्सेल म्यूजिक को भारत के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी नई पहचान दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है। अब बड़े पर्दे से आगे म्यूजिक की दुनिया में नई उड़ान एक्सेल म्यूजिक की लॉन्चिंग के साथ फरहान अख्तर और रितेश सिधवानी ने अपनी रचनात्मक दुनिया को फिल्मों से आगे बढ़ाकर म्यूजिक इंडस्ट्री तक विस्तार दे दिया है। 'मिर्जापुर: द मूवी' के साउंडट्रैक से शुरुआत करने वाला यह नया म्यूजिक लेबल आने वाले समय में भारतीय संगीत जगत में बड़ा नाम बनने की तैयारी में है।



Comments
0