Full Story
मोतिहारी। भारत-नेपाल सीमा पर मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए बिहार में पूर्वी चंपारण जिले की घोड़ासहन थाना पुलिस ने शनिवार को 6.590 किलोग्राम अफीम के साथ एक भारतीय और एक नेपाली महिला तस्कर को गिरफ्तार कर लिया। बस स्टैंड पर घेराबंदी कर दबोचा घोड़ासहन थानाध्यक्ष अमरजीत कुमार ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि दो महिलाएं अपने शरीर में भारी मात्रा में अफीम छुपाकर घोड़ासहन बस स्टैंड से बाहर जाने की तैयारी में हैं। सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया और राजस्व अधिकारी सकलदेव प्रसाद को दंडाधिकारी बनाया गया। पुलिस टीम ने बस स्टैंड पहुंचकर संदिग्ध बस को चारों ओर से घेर लिया। इसके बाद महिला पुलिसकर्मियों ने दोनों संदिग्ध महिलाओं की तलाशी ली। शरीर में छुपाकर रखी थी 6.590 किलो अफीम तलाशी के दौरान महिलाओं के पास से 2-2 किलो के दो पैकेट, 500-500 ग्राम के तीन पैकेट, 250-250 ग्राम के चार पैकेट और 90 ग्राम का एक पैकेट बरामद हुए। कुल मिलाकर 6.590 किलोग्राम अफीम जब्त की गई। इसके अलावा तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे दो टचस्क्रीन स्मार्टफोन भी पुलिस ने बरामद किए हैं। बरामद अफीम की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 60 लाख से एक करोड़ रुपये के बीच आंकी गई है। भारत और नेपाल की रहने वाली हैं आरोपी गिरफ्तार महिलाओं की पहचान सीमा देवी , निवासी गुदरा, थाना सुगौली, पूर्वी चंपारण (भारत) और बदामी देवी , निवासी बैरटपुर, थाना कलैया, जिला बारा (नेपाल) के रूप में हुई है। अंतरराष्ट्रीय सिंडिकेट की तलाश में जुटी पुलिस थानाध्यक्ष ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। उनसे पूछताछ की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि अफीम की खेप किसे पहुंचाई जानी थी और इस पूरे अंतरराष्ट्रीय तस्करी नेटवर्क के पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं। पुलिस का मानना है कि पूछताछ से भारत-नेपाल सीमा पर सक्रिय मादक पदार्थों के बड़े गिरोह का खुलासा हो सकता है।



Comments
0