Full Story
मुंबई। मेघना गुलजार एक बार फिर ऐसी कहानी लेकर लौट रही हैं, जिसकी जड़ें हकीकत की दुनिया से जुड़ी हैं। तलवार , राजी और सैम बहादुर जैसी फिल्मों के बाद उनकी नई क्राइम थ्रिलर ‘दायरा’ को लेकर सबसे बड़ा सवाल यही था कि क्या यह भी किसी एक चर्चित असली घटना पर बनी है। अब फिल्ममेकर ने इस पर तस्वीर साफ कर दी है। एक केस की कहानी नहीं है ‘दायरा’ मेघना गुलजार ने साफ किया कि ‘दायरा’ किसी एक खास घटना पर आधारित नहीं है । उनके मुताबिक, फिल्म की कहानी देश के अलग-अलग हिस्सों में हुई कई सच्ची घटनाओं से प्रेरणा लेती है। उन्होंने यह भी कहा कि कहानी को किसी एक शहर या राज्य तक सीमित नहीं रखा गया है, बल्कि फिल्म ऐसी हकीकत की पड़ताल करती है जो देश में लगभग कहीं भी घट सकती है। करीना बनीं डीसीपी अजूनी कोहली, पृथ्वीराज निभाएंगे डीसीपी रमन कुमार फिल्म के ट्रेलर में करीना कपूर खान डीसीपी अजूनी कोहली के किरदार में दिखाई देती हैं, जबकि पृथ्वीराज सुकुमारन डीसीपी रमन कुमार की भूमिका निभा रहे हैं। दोनों पुलिस अफसर एक ही अपराध की कहानी में आमने-सामने खड़े नजर आते हैं, लेकिन इंसाफ को देखने और हासिल करने का उनका नजरिया एक-दूसरे से बिल्कुल अलग है।यही टकराव फिल्म की कहानी को और पेचीदा और दिलचस्प बनाता है। अपहरण से रेप और एनकाउंटर तक उठेंगे मुश्किल सवाल ‘दायरा’ का ट्रेलर कई परेशान करने वाले और बेहद संवेदनशील मुद्दों की तरफ इशारा करता है। इनमें युवतियों का अपहरण, रेप, जुवेनाइल क्राइम और पुलिस एनकाउंटर शामिल हैं। फिल्म इन मुद्दों के बीच सिर्फ अपराध की तहकीकात तक सीमित नहीं दिखती, बल्कि इंसाफ के तौर-तरीकों और कानून की हदों को लेकर भी सवाल खड़े करती नजर आती है। हैदराबाद रेप-मर्डर केस से क्यों जोड़ी गई थी फिल्म शुरुआती रिपोर्टों में ‘दायरा’ को 2019 के हैदराबाद वेटरनरी डॉक्टर रेप और मर्डर केस तथा उसके बाद हुए विवादित पुलिस एनकाउंटर से प्रेरित बताया गया था। इस मामले में 27 नवंबर 2019 को हैदराबाद के पास 27 साल की एक वेटरनरी डॉक्टर के साथ रेप और हत्या की घटना हुई थी। दो दिन बाद चार लोगों को गिरफ्तार किया गया था। 06 दिसंबर को तेलंगाना पुलिस ने कहा था कि चारों आरोपियों को चट्टापल्ली में उस वक्त एनकाउंटर में मार दिया गया, जब उन्हें वारदात की जगह पर क्राइम री-कंस्ट्रक्शन के लिए ले जाया गया था। पुलिस ने कहा था- हमला कर भागने की कोशिश की पुलिस का दावा था कि आरोपियों ने अधिकारियों पर हमला किया और वहां से भागने की कोशिश की, जिसके बाद एनकाउंटर हुआ। इस घटना ने पूरे देश में बड़ी बहस छेड़ दी थी कि क्या आरोपियों को मुकदमे का सामना करना चाहिए था और पुलिस एनकाउंटर के जरिए इंसाफ की यह राह कितनी जायज थी। ट्रेलर में समानताएं, मगर मेकर्स ने नहीं की पुष्टि ‘दायरा’ के ट्रेलर में दिखाई गई कुछ परिस्थितियों और 2019 के हैदराबाद मामले के बीच समानताओं के कारण फिल्म को उस घटना से जोड़े जाने की अटकलें तेज हुई थीं। हालांकि फिल्म के मेकर्स ने कभी यह पुष्टि नहीं की कि ‘दायरा’ उसी एक मामले पर आधारित है। अब मेघना गुलजार के बयान के बाद यह साफ हो गया है कि फिल्म की कहानी देशभर के कई मामलों और घटनाओं से प्रेरित है। मेघना गुलजार की तीसरी फिल्म जंगली पिक्चर्स के साथ नेशनल अवॉर्ड विजेता फिल्ममेकर मेघना गुलजार के निर्देशन में बनी ‘दायरा’ की कहानी यश केसवानी, सीमा अग्रवाल और मेघना गुलजार ने लिखी है। यह फिल्म जंगली पिक्चर्स और पेन स्टूडियोज का पहला साझा प्रोजेक्ट है। वहीं, मेघना गुलजार की जंगली पिक्चर्स के साथ यह तीसरी फिल्म है। इससे पहले दोनों तलवार और राजी में साथ काम कर चुके हैं। 18 सितंबर 2026 को सिनेमाघरों में दस्तक ‘दायरा’ को जंगली पिक्चर्स और पेन स्टूडियोज के डॉ. जयंतीलाल गडा ने प्रोड्यूस किया है जबकि इसका डिस्ट्रीब्यूशन पेन मरुधर के जिम्मे है। फिल्म 18 सितंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। ट्रेलर से साफ है कि ‘दायरा’ महज एक क्राइम थ्रिलर नहीं, बल्कि अपराध, कानून और इंसाफ के बीच उस मुश्किल लकीर को टटोलने की कोशिश है, जहां हर फैसला अपने साथ नया सवाल खड़ा करता है।



Comments
0