Full Story

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ब्रिक्स व्यवसाय सम्मेलन में विश्व व्यापार के विस्तार के लिए समुद्री मार्गों को खुला और सुरक्षित रखने तथा नाविकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने पर जोर देते हुए कहा कि व्यापार की राह में बढ़ती बाधाओं के बीच भारत वैश्विक बाजारों के साथ आर्थिक संपर्क मजबूत कर रहा है। भारत मंडपम में शुक्रवार को ब्रिक्स शिखर बैठक की पूर्व संध्या पर आयोजित सम्मेलन में रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियान भी उपस्थित थे। श्री मोदी ने ब्रिक्स देशों से साझा ताकत को ठोस कदमों में बदलने का आह्वान किया। सुरक्षित समुद्री मार्गों से ही आगे बढ़ेगा व्यापार प्रधानमंत्री ने वैश्विक व्यापार में समुद्री रास्तों और नाविकों की भूमिका पर जोर देते हुए कहा, “दुनिया में व्यापार आगे तभी बढ़ सकता है जब समुद्री मार्ग सुरक्षित हों, आपूर्ति की राहें खुली हों और नाविक सुरक्षित हों।” उन्होंने कहा कि भारत नौवहन की स्वतंत्रता और नाविकों की सुरक्षा का दृढ़ समर्थक है। उनका यह बयान पश्चिम एशिया में अमेरिका-ईरान युद्ध के कारण होर्मूज जलडमरूमध्य में जहाजों की आवाजाही बाधित होने और विभिन्न देशों की ओर से ऊंचे शुल्क तथा अन्य व्यापार प्रतिबंध लगाए जाने की पृष्ठभूमि में आया है। व्यापार में बढ़ती बाधाओं के बीच संपर्क बढ़ा रहा भारत श्री मोदी ने कहा कि दुनिया में व्यापार की राह में बाधाएं बढ़ रही हैं लेकिन भारत विभिन्न बाजारों के साथ आर्थिक संपर्क के सेतु बना रहा है। उन्होंने वैश्विक चिंताओं के बीच भारतीय अर्थव्यवस्था पर भरोसा जताते हुए कहा कि भारत आज आर्थिक वृद्धि और मजबूती का विश्वास दे रहा है। भारत में करें नवाचार, दुनिया के लिए बनाएं उत्पाद प्रधानमंत्री ने वैश्विक निवेशकों को भारत आने का निमंत्रण दिया। उन्होंने निवेशक समुदाय से भारत में नवाचार और आविष्कार करने तथा यहां से दुनिया के बाजारों के लिए बड़े पैमाने पर उत्पादन करने का आह्वान किया। उनके संबोधन में भारत को निवेश, नए विचारों और उत्पादन के केंद्र के रूप में आगे बढ़ाने पर जोर रहा। साझा ताकत को समाधान में बदलें ब्रिक्स देश श्री मोदी ने कहा कि ब्रिक्स देश मिलकर काम करें तो दुनिया की समस्याओं और जरूरतों के समाधान प्रस्तुत करने की क्षमता रखते हैं। उन्होंने समूह की आकांक्षाओं को अमल में लाने और साझा क्षमताओं का उपयोग बढ़ाने की अपील की। प्रधानमंत्री ने आह्वान किया, “ब्रिक्स आगे बढ़े, और दुनिया को भी आगे बढ़ाये।” सम्मेलन से पहले मोदी और पुतिन ने भारत-रूस व्यापार प्रदर्शनी ‘इनोप्रोम’ का भी दौरा किया।