Full Story

मुंबई। अक्षय कुमार की आने वाली फिल्म ‘समुक’ अपनी स्टारकास्ट को लेकर लगातार दिलचस्प होती जा रही है। अब फिल्म से अभिनेता और फिल्ममेकर रजत कपूर का नाम जुड़ने की चर्चा है। सूत्रों के मुताबिक, रजत फिल्म में एक अहम किरदार निभाते नजर आ सकते हैं। हालांकि, मेकर्स की ओर से अभी रजत कपूर के किरदार या फिल्म की कहानी को लेकर ज्यादा जानकारी साझा नहीं की गई है। साइंस-फिक्शन के साथ एक्शन और सर्वाइवल का तड़का ‘समुक’ को बड़े स्तर की साइंस-फिक्शन एक्शन थ्रिलर के रूप में तैयार किया जा रहा है। फिल्म में साइंस-फिक्शन के साथ जबरदस्त एक्शन और सर्वाइवल का तड़का देखने को मिलेगा। फिल्म का निर्देशन कन्निष्क वर्मा कर रहे हैं। वहीं, विपुल अमृतलाल शाह इसे अपने बैनर सनशाइन पिक्चर्स के तहत प्रोड्यूस कर रहे हैं और आशिन ए. शाह फिल्म के को-प्रोड्यूसर हैं। फिल्म की शूटिंग फिलहाल यूके (यूनाइटेड किंगडम) में चल रही है। रजत कपूर के हाथ लग सकता है अहम किरदार सूत्रों की मानें तो ‘समुक’ में रजत कपूर का किरदार महज स्टारकास्ट बढ़ाने तक सीमित नहीं होगा, बल्कि कहानी के लिहाज से उनकी भूमिका काफी अहम हो सकती है। रजत अपने सहज और प्रभावशाली अभिनय के लिए पहचाने जाते हैं। ऐसे में अक्षय कुमार के साथ उनका स्क्रीन पर आना फिल्म की कास्ट को एक अलग अनुभव और गहराई दे सकता है। हालांकि, रजत कपूर किस तरह के किरदार में दिखाई देंगे, इस पर फिलहाल पर्दा पड़ा हुआ है। ‘मॉनसून वेडिंग’ से ‘दृश्यम 2’ तक छोड़ चुके हैं छाप रजत कपूर ने अपने करियर में अलग-अलग तरह के किरदार निभाकर अपनी खास पहचान बनाई है। वह ‘मॉनसून वेडिंग’, ‘भेजा फ्राय’, ‘कपूर एंड संस’, ‘मुल्क’, ‘दृश्यम 2’ और ‘गहराइयां’ जैसी फिल्मों में नजर आ चुके हैं। वह नेटफ्लिक्स की ‘रात अकेली है: द बंसल मर्डर्स’ का भी हिस्सा रहे हैं और इम्तियाज अली की ‘मैं वापस आऊंगा’ में भी नजर आए थे। अब ‘समुक’ से उनका नाम जुड़ने की चर्चा ने फिल्म की स्टारकास्ट को लेकर उत्सुकता और बढ़ा दी है। 13 साल बाद साथ आए अक्षय कुमार और विपुल शाह ‘समुक’ की एक और खास बात अक्षय कुमार और विपुल अमृतलाल शाह की जोड़ी है। दोनों इस फिल्म के जरिए 13 साल बाद एक साथ काम कर रहे हैं। यह प्रोजेक्ट दो साल से ज्यादा समय से डेवलपमेंट में है और इसे बड़े पैमाने पर थिएटर में रिलीज करने के लिए तैयार किया जा रहा है। कहानी पर अभी भी पर्दा, कास्ट बढ़ा रही उत्सुकता मेकर्स ने फिलहाल ‘समुक’ की कहानी और इसके किरदारों के बारे में ज्यादा खुलासा नहीं किया है। इतना जरूर सामने आया है कि फिल्म में साइंस-फिक्शन, एक्शन और सर्वाइवल का मेल देखने को मिलेगा। अब रजत कपूर के फिल्म से जुड़ने की चर्चा ने ‘समुक’ को लेकर उत्सुकता और बढ़ा दी है। अक्षय कुमार के साथ अलग-अलग तरह के कलाकारों का यह मेल पर्दे पर किस रूप में सामने आता है, इसके लिए फिल्म से जुड़ी अगली आधिकारिक जानकारी का इंतजार रहेगा।