Full Story

मोतिहारी। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत बिहार के पूर्वी चंपारण जिले में 33,084 गरीब परिवारों को गुरुवार को उनके नवनिर्मित पक्के घरों की चाबी सौंपी गई और सामूहिक गृह प्रवेश कराया गया जबकि जिला प्रशासन ने बताया कि जिले में 1.06 लाख से अधिक आवासों के लक्ष्य के विरुद्ध निर्माण कार्य तेजी से पूरा किया जा रहा है। प्रतीकात्मक रूप से सौंपी गई घर की चाबियां समाहरणालय स्थित डॉ. राजेंद्र प्रसाद सभागार में आयोजित कार्यक्रम में पिपरा विधायक श्याम बाबू प्रसाद यादव , सुगौली विधायक राजेश कुमार गुप्ता (बबलू गुप्ता) , जिलाधिकारी सौरभ सुमन यादव , उप विकास आयुक्त डॉ. प्रदीप कुमार सहित कई अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। इस दौरान 11 लाभुकों को प्रतीकात्मक रूप से उनके नए घरों की चाबियां सौंपी गईं। वहीं, 11 नए चयनित लाभार्थियों को प्रधानमंत्री आवास योजना का स्वीकृतिपत्र भी प्रदान किया गया। 1.06 लाख से अधिक आवासों का लक्ष्य, 33 हजार पूरे जिलाधिकारी ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2024-25 और 2025-26 के लिए जिले को 1,06,357 आवासों का लक्ष्य मिला था। इसके विरुद्ध 1,06,291 आवासों की स्वीकृति दी जा चुकी है। इनमें से अब तक 33,084 आवासों का निर्माण पूरा कर लाभुकों को गृह प्रवेश कराया गया है। शेष आवासों का निर्माण कार्य भी तेजी से चल रहा है और इसकी नियमित समीक्षा की जा रही है। मुख्यमंत्री योजना से भी हजारों परिवारों को राहत प्रधानमंत्री आवास योजना के साथ-साथ मुख्यमंत्री ग्रामीण आवास योजना के तहत भी जिले में गरीब परिवारों को पक्के घर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इस योजना के तहत 1,904 आवासों का लक्ष्य निर्धारित किया गया था, जिनमें से 1,720 आवास पूरे हो चुके हैं। प्रत्येक पात्र परिवार को 1.20 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है। पुराने जर्जर मकानों का भी हो रहा कायाकल्प राज्य सरकार की मुख्यमंत्री ग्रामीण आवास सहायता योजना के तहत वर्ष 2010 से पहले बने जर्जर मकानों की मरम्मत के लिए भी सहायता दी जा रही है। जिले में 2,890 मकानों के जीर्णोद्धार का लक्ष्य रखा गया था, जिनमें से 2,834 मकानों का काम पूरा हो चुका है। इस योजना के तहत पात्र परिवारों को 50 हजार रुपये की एकमुश्त सहायता दी जाती है। 'पक्का घर' बना सम्मान और सुरक्षा का प्रतीक जिलाधिकारी सौरभ सुमन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना केवल मकान बनाने की योजना नहीं है, बल्कि गरीब परिवारों को सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन देने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि अपने घर की चाबी हाथ में आना हर परिवार के लिए वर्षों के संघर्ष और उम्मीदों के साकार होने जैसा पल है। पटना से लाइव जुड़ा मोतिहारी का कार्यक्रम इस अवसर पर पटना में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण भी किया गया। राज्य स्तरीय समारोह में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी , उपमुख्यमंत्री विजेंद्र प्रसाद यादव , ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार और केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान शामिल हुए।