Full Story

जींद। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हरियाणा के जींद से आज देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को हरी झंडी दिखाने के बाद कहा कि यह सिर्फ रेलवे की नई शुरुआत नहीं बल्कि भारत के हरित और आत्मनिर्भर भविष्य की बड़ी छलांग है। श्री मोदी ने कहा कि इस परियोजना से हरियाणा में रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे, उद्योगों को बढ़ावा मिलेगा और आने वाले समय में हाइड्रोजन आधारित इंफ्रास्ट्रक्चर का बड़ा नेटवर्क विकसित होगा। ## देश को मिली पहली हाइड्रोजन ट्रेन प्रधानमंत्री ने कहा कि जींद से सोनीपत के बीच शुरू हुई हाइड्रोजन ट्रेन भारत को दुनिया के उन चुनिंदा देशों की कतार में खड़ा करती है, जहां यह अत्याधुनिक तकनीक उपलब्ध है। उन्होंने बताया कि भारत की यह ट्रेन दुनिया की सबसे ताकतवर हाइड्रोजन ट्रेन है, जिसमें 3,200 हॉर्स पावर की क्षमता और 10 कोच हैं। साथ ही इसे भारतीय इंजीनियरों ने डिजाइन किया है और यह पूरी तरह 'मेक इन इंडिया' का उदाहरण है। हाइड्रोजन ट्रेन से बढ़ेंगे रोजगार के अवसर श्री मोदी ने कहा कि हाइड्रोजन ट्रेन के संचालन के लिए अलग इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार किया जा रहा है। भविष्य में इससे जुड़ी नई फैक्ट्रियां स्थापित होंगी, जिससे हरियाणा के युवाओं के लिए रोजगार के बड़े अवसर बनेंगे। उन्होंने कहा कि यह तकनीक आने वाले समय में भारत के औद्योगिक विकास को नई दिशा देगी। 14 हजार करोड़ रुपये की परियोजनाओं की सौगात प्रधानमंत्री ने हरियाणा को 14 हजार करोड़ रुपये से अधिक की अलग-अलग विकास परियोजनाओं की सौगात दी। इनमें रेलवे और राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं के साथ दो नए मेडिकल कॉलेज भी शामिल हैं। उन्होंने कहा कि इससे स्वास्थ्य सेवाएं मजबूत होंगी और प्रदेश के युवाओं को डॉक्टर तथा अन्य मेडिकल प्रोफेशनल बनने के नए अवसर मिलेंगे। बेहतर सड़कें किसानों और उद्योगों को देंगी फायदा श्री मोदी ने कहा कि दिल्ली-अमृतसर-कटरा एक्सप्रेसवे, जींद-गोहाना राष्ट्रीय राजमार्ग और अंबाला-कालाअंब फोरलेन जैसी परियोजनाओं से हरियाणा की कनेक्टिविटी मजबूत होगी। इससे किसानों के लिए अपनी उपज बड़ी मंडियों तक पहुंचाना आसान और सस्ता होगा, जबकि उद्योग और पर्यटन को भी नई रफ्तार मिलेगी। उन्होंने बताया कि अब जींद पांच राष्ट्रीय राजमार्गों से जुड़ने वाला जिला बन गया है। रेलवे का बिजलीकरण बना देश की ताकत प्रधानमंत्री ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में भारतीय रेलवे के लगभग 99 प्रतिशत नेटवर्क का विद्युतीकरण किया जा चुका है। इससे वैश्विक संकट और ईंधन आपूर्ति में बाधा के बावजूद देश की रेल सेवाएं प्रभावित नहीं हुईं। उन्होंने इसे भारत की ऊर्जा सुरक्षा और आत्मनिर्भरता की दिशा में बड़ा कदम बताया। स्वच्छता को बनाएं अपनी आदत अपने संबोधन में पीएम मोदी ने जींद के लोगों से स्वच्छता को केवल अभियान नहीं, बल्कि जीवनशैली बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि शहर को साफ रखने के लिए किसी नेता के आने का इंतजार नहीं होना चाहिए, बल्कि हर नागरिक को इसे अपना संस्कार बनाना होगा।