Full Story

पटना/नवादा। नवादा में जमीन के परिमार्जन के बदले 15 हजार रुपये रिश्वत मांगने वाले एक राजस्व कर्मचारी को निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की टीम ने आज रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। ब्यूरो सूत्रों ने शुक्रवार को बताया कि जमीन से जुड़े काम के बदले रिश्वत मांगना एक राजस्व कर्मचारी को भारी पड़ गया। निगरानी अन्वेषण ब्यूरो (विजिलेंस) की टीम ने नवादा सदर अंचल कार्यालय के राजस्व कर्मचारी सुजीत कुमार को 15 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए विशेष निगरानी अदालत में पेश किया जाएगा। जमीन के परिमार्जन के बदले मांगी थी रिश्वत विजिलेंस को नवादा जिले के रहने वाले एक शिकायतकर्ता शंकर पासवान ने सूचना दी थी कि उसकी जमीन के परिमार्जन (सुधार) के बदले राजस्व कर्मचारी सुजीत कुमार रिश्वत की मांग कर रहा है। शिकायत मिलने के बाद निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने मामले का सत्यापन कराया। जांच में रिश्वत मांगने के आरोप सही पाए गए, जिसके बाद कार्रवाई की योजना बनाई गई। जाल बिछाकर की गई गिरफ्तारी निगरानी अन्वेषण ब्यूरो मुख्यालय की टीम ने पुलिस उपाधीक्षक नरेंद्र कुमार के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया। टीम ने जाल बिछाकर नवादा सदर अस्पताल के पास आरोपी को 15 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी से पूछताछ की जा रही है और मामले की आगे की जांच जारी है। भ्रष्टाचार के खिलाफ विजिलेंस की लगातार कार्रवाई विजिलेंस के अनुसार वर्ष 2026 में भ्रष्टाचार के खिलाफ यह 72वीं प्राथमिकी दर्ज करने की कार्रवाई है। इस वर्ष अब तक 67 ट्रैप केस दर्ज किए जा चुके हैं और 67 आरोपियों को रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया गया है। अब तक कुल 26.86 लाख रुपये की रिश्वत राशि भी बरामद की जा चुकी है। एक नजर में ✔ आरोपी – सुजीत कुमार, राजस्व कर्मचारी ✔ विभाग – सदर अंचल कार्यालय, नवादा ✔ रिश्वत की राशि – 15,000 रुपये ✔ आरोप – जमीन के परिमार्जन के बदले रिश्वत मांगना ✔ कार्रवाई – विजिलेंस ने रंगे हाथ गिरफ्तार किया ✔ स्थान – नवादा सदर अस्पताल के पास