Full Story

मुंबई। सप्ताह के पहले कारोबारी दिन शेयर बाजार का मूड पूरी तरह डाउन रहा। निजी बैंक और वित्तीय कंपनियों में भारी बिकवाली के चलते बीएसई सेंसेक्स 442.93 अंक यानी 0.57 फीसदी गिरकर 77,708.52 पर बंद हुआ। वहीं, निफ्टी भी 95.80 अंक यानी 0.39 फीसदी टूटकर 24,238.50 के स्तर पर आ गया। एक समय 783 अंक तक फिसला सेंसेक्स सेंसेक्स ने शुरुआत तो लगभग पिछले बंद स्तर 78,151.45 अंक पर की लेकिन बाजार खुलते ही बिकवाली का दबाव बढ़ गया। कारोबार के दौरान सेंसेक्स एक समय 783 अंक तक लुढ़क गया। हालांकि, आखिरी घंटों में कुछ रिकवरी जरूर देखने को मिली। हर तरफ गिरावट नहीं, यहां हुई जमकर खरीदारी बड़ी कंपनियों के शेयरों में कमजोरी रही, लेकिन मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में निवेशकों ने खरीदारी जारी रखी। निफ्टी मिडकैप-50 इंडेक्स 0.61 फीसदी और स्मॉलकैप-100 इंडेक्स 0.16 फीसदी की बढ़त के साथ बंद हुए। इन सेक्टरों ने बिगाड़ा खेल, इनसे मिली राहत निजी बैंक, फाइनेंशियल, आईटी और ऑटो सेक्टर बाजार पर भारी पड़े। वहीं, सरकारी बैंक, फार्मा, हेल्थकेयर, केमिकल, ऑयल एंड गैस, मेटल, एफएमसीजी और कंज्यूमर ड्यूरेबल्स सेक्टर ने अच्छी बढ़त दर्ज कर बाजार को कुछ सहारा दिया। ट्रेंट चमका, एक्सिस बैंक सबसे ज्यादा फिसला दिन के टॉप गेनर्स में ट्रेंट करीब 3 फीसदी चढ़ा। पावरग्रिड, एनटीपीसी, भारती एयरटेल, एसबीआई, अल्ट्राटेक सीमेंट, एचसीएल टेक, आईसीआईसीआई बैंक और सन फार्मा के शेयरों में 1 से 2 फीसदी तक तेजी रही। बैंकिंग शेयरों ने बढ़ाई टेंशन एक्सिस बैंक का शेयर करीब 5.5 फीसदी टूट गया। एचडीएफसी बैंक में 5 फीसदी से ज्यादा, मारुति सुजुकी में 2 फीसदी से अधिक और कोटक महिंद्रा बैंक में करीब 2 फीसदी की गिरावट दर्ज हुई। इसके अलावा इंफोसिस, टीसीएस, महिंद्रा एंड महिंद्रा, इंडिगो और बीईएल के शेयर भी लाल निशान में बंद हुए।