Full Story
मोतिहारी। बिहार की पूर्वी चंपारण जिला पुलिस ने अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बड़ी सफलता हासिल करते हुए हथियार तस्करी गिरोह के सरगना को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से पांच पिस्तौल, पांच कारतूस और 10 मैगजीन बरामद किए गए हैं। गुप्त सूचना पर बिछाया जाल, थैले में मिली हथियारों की खेप पुलिस सूत्रों ने गुरुवार को बताया कि 19 अगस्त को सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति मजुराहा फायरिंग रेंज के आसपास हथियारों की खेप पहुंचाने आने वाला है। सूचना मिलते ही विशेष टीम गठित कर इलाके की घेराबंदी की गई। कुछ देर बाद थैला लेकर जा रहे एक संदिग्ध युवक को रोककर तलाशी ली गई। झोले से पांच पिस्टल, पांच जिंदा कारतूस और 10 मैगजीन बरामद होने के बाद पुलिस ने उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। समस्तीपुर का रहने वाला है आरोपी पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी की पहचान मो. अहमद , पिता नूर मोहम्मद , निवासी मुस्तफापुर, थाना विभूतिपुर, जिला समस्तीपुर के रूप में हुई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी हथियारों की खेप कहां से लेकर आया था और इसे किन लोगों तक पहुंचाने की योजना थी। बड़ी बरामदगी से बड़े नेटवर्क की आशंका एक साथ पांच पिस्तौल और बड़ी संख्या में मैगजीन बरामद होने के बाद पुलिस का मानना है कि इसके पीछे संगठित हथियार तस्करी गिरोह सक्रिय हो सकता है। पूछताछ के आधार पर पुलिस हथियारों के सप्लायर, खरीदार और पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने में जुटी है। संभावित ठिकानों पर छापेमारी भी जारी है। पूरे नेटवर्क तक पहुंचने की कोशिश पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, जांच का सबसे बड़ा फोकस यह जानना है कि हथियारों की आपूर्ति किस राज्य या क्षेत्र से हो रही थी और इनका इस्तेमाल किस उद्देश्य के लिए किया जाना था। गिरफ्तार आरोपी से मिली जानकारी के आधार पर कई अहम सुराग हाथ लगे हैं, जिन पर कार्रवाई जारी है। एसडीपीओ के नेतृत्व में हुई कार्रवाई पूरी कार्रवाई सदर-1 अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) दिलीप कुमार के नेतृत्व में की गई। अभियान में रघुनाथपुर थानाध्यक्ष धनंजय कुमार , पुलिस निरीक्षक धर्मवीर कुमार भारती , तुरकौलिया और रघुनाथपुर थाना की पुलिस, जिला आसूचना इकाई तथा सशस्त्र बल के जवान शामिल रहे। अवैध हथियारों के खिलाफ अभियान रहेगा जारी पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध हथियारों की तस्करी और अपराधियों के नेटवर्क के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। अधिकारियों का मानना है कि इस गिरफ्तारी से जल्द ही गिरोह के अन्य सदस्यों और हथियारों की सप्लाई चेन का भी खुलासा हो सकता है।



Comments
0