Full Story

नई दिल्ली। थाईलैंड के फुकेट से दिल्ली आ रहा एयर इंडिया का विमान लैंडिंग से कुछ समय पहले टर्बुलेंस की चपेट में आकर हवा में अचानक करीब 300 फुट नीचे आ गया , जिससे 13 यात्रियों और चालक दल के चार सदस्यों समेत कुल 17 लोग घायल हो गए, जिनमें से 12 का अब भी अलग-अलग अस्पतालों में इलाज चल रहा है। लैंडिंग से ठीक पहले अचानक बदली विमान की ऊंचाई एयर इंडिया ने बयान जारी कर बताया कि उड़ान संख्या एआई-2379 मंगलवार को फुकेट से दिल्ली आ रही थी। विमान दिल्ली में उतरने के लिए धीरे-धीरे नीचे आ रहा था, तभी उसे अचानक तेज एयर टर्बुलेंस का सामना करना पड़ा। झटके के दौरान विमान कुछ ही क्षणों में करीब 300 फुट नीचे आ गया। हालांकि पायलटों ने स्थिति संभाल ली और विमान ने इसके बाद सामान्य रूप से अपनी उड़ान जारी रखी। सुबह 11:07 बजे दिल्ली में सुरक्षित लैंडिंग घटना के बावजूद विमान ने पूर्वाह्न 11:07 बजे दिल्ली हवाई अड्डे पर सुरक्षित लैंडिंग की। सभी यात्रियों और चालक दल के सदस्यों को विमान से सुरक्षित उतारा गया, जिसके बाद चोटिल लोगों की चिकित्सा जांच कराई गई। यह विमान एयरबस का ए320 निओ था। विमान में सवार थे 145 लोग उड़ान में कुल 137 यात्री और चालक दल के आठ सदस्य मौजूद थे। इनमें 13 यात्रियों और चार क्रू सदस्यों को चोटें आईं। प्रारंभिक सूचना में घायलों की संख्या कम बताई गई थी लेकिन विस्तृत चिकित्सा जांच के बाद कुल 17 लोगों के घायल होने की पुष्टि हुई। पांच यात्रियों को मिली छुट्टी, 12 का इलाज जारी एयर इंडिया के मुताबिक, सभी घायलों को जांच और उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। शाम 6:50 बजे तक पांच यात्रियों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई थी, जबकि अन्य 12 घायलों का इलाज जारी है। घायलों को गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल , फोर्टिस अस्पताल और दिल्ली के वसंत कुंज स्थित स्पाइनल इंजरी सेंटर में भर्ती कराया गया है। अस्पतालों में मौजूद हैं एयरलाइन की टीम एयर इंडिया ने कहा कि उसकी टीम संबंधित अस्पतालों में मौजूद हैं और घायल यात्रियों तथा उनके परिजनों के लगातार संपर्क में हैं। एयरलाइन ने प्रभावित यात्रियों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिया है। डीजीसीए ने शुरू की जांच नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने घटना की जांच शुरू कर दी है। जांच में यह पता लगाया जाएगा कि विमान को किस तरह के टर्बुलेंस का सामना करना पड़ा और अचानक ऊंचाई घटने के दौरान सुरक्षा प्रक्रियाओं का किस तरह पालन किया गया। एयर इंडिया ने कहा है कि वह जांच में पूरा सहयोग कर रही है। एयरबस को भी दी गई घटना की जानकारी विमान बनाने वाली कंपनी एयरबस को भी पूरे घटनाक्रम की सूचना दी गई है। विमान के तकनीकी आंकड़ों, फ्लाइट रिकॉर्ड और कॉकपिट से जुड़ी जानकारी का विश्लेषण किए जाने की संभावना है। बड़ा झटका, लेकिन सुरक्षित रहा नियंत्रण करीब 300 फुट की अचानक गिरावट ने विमान में सवार लोगों को दहशत में डाल दिया, लेकिन चालक दल ने स्थिति पर नियंत्रण बनाए रखा और सुरक्षित लैंडिंग कराई। अब डीजीसीए की जांच से स्पष्ट होगा कि यह सामान्य वायुमंडलीय टर्बुलेंस था या इसके पीछे कोई अन्य तकनीकी अथवा परिचालन कारण भी था।