Full Story

कटिहार। बिहार में कटिहार जिले के बारसोई थाना क्षेत्र में दो बाइकों की आमने-सामने हुई टक्कर में 23 वर्षीय युवक रुहुल अमीन की मौके पर ही मौत हो गई तथा तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस सूत्रों ने शुक्रवार को यहां बताया कि हादसा आबादपुर-बारसोई मुख्य मार्ग पर भवानीपुर पंचायत के सकपान गांव के पास हुआ, जहां दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवक ने मौके पर ही तोड़ दिया दम प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा रात करीब 8:30 बजे हुआ। दुर्घटना में बाइक चालक रुहुल अमीन (23 वर्ष) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, मोहम्मद अबुजर (14 वर्ष), मोहम्मद रिजवान (19 वर्ष) और मोहम्मद महिउद्दीन गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों की हालत नाजुक देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए पूर्णिया रेफर कर दिया गया है। परिवार का इकलौता सहारा था रुहुल अमीन मृतक रुहुल अमीन भवानीपुर पंचायत के समसपुर गांव निवासी मोहम्मद यासीन का पुत्र था। बताया जाता है कि वह अपने माता-पिता की इकलौती संतान था। परिजन गंभीर हालत में रुहुल अमीन को अनुमंडलीय अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉ. प्रेम कुमार ने उसे बचाने के लिए सीपीआर सहित हर संभव प्रयास किया। हालांकि जांच के बाद डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। चिकित्सकों के अनुसार युवक अस्पताल पहुंचने से पहले ही दम तोड़ चुका था।