Full Story
मुंबई। वैश्विक संकेतों के दबाव, कच्चे तेल की कीमत 100 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंचने और विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) की लगातार बिकवाली से शुक्रवार को घरेलू शेयर बाजार लगातार पांचवें दिन गिरावट के साथ बंद हुआ, जिससे सेंसेक्स 332 और निफ्टी 102 अंक टूट गई तथा निवेशकों के तीन लाख करोड़ रुपये से अधिक डूब गए। बीएसई का तीस शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 331.62 अंक (0.43%) लुढ़ककर 76,059.77 अंक पर बंद हुआ। इसी तरह नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी भी 102.15 अंक (0.43%) की गिरावट लेकर 23,767.45 अंक पर आ गया। मिडकैप और स्मॉलकैप भी नहीं बचे बाजार में बिकवाली सिर्फ बड़ी कंपनियों तक सीमित नहीं रही। मिडकैप इंडेक्स 0.16% गिरकर 16,683.27 और स्मॉलकैप इंडेक्स 0.23% टूटकर 6,924.45 अंक पर बंद हुआ। यानी छोटे और मझोले शेयरों में भी दबाव साफ दिखाई दिया। आखिर क्यों गिर रहा है बाजार बाजार विशेषज्ञों के मुताबिक, फिलहाल शेयर बाजार पर दबाव बना रह सकता है। इसकी सबसे बड़ी वजह कच्चे तेल की कीमत का 100 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंचना है। तेल महंगा होने से महंगाई बढ़ने और अर्थव्यवस्था की रफ्तार धीमी पड़ने की आशंका है। दूसरी ओर, अमेरिका में ब्याज दरें बढ़ने की उम्मीद फिर मजबूत हुई है। ऐसे में विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) भारत जैसे उभरते बाजारों से लगातार पैसा निकाल रहे हैं, जिसका सीधा असर भारतीय शेयर बाजार पर पड़ रहा है। इसके अलावा अमेरिका के नए आयात शुल्क (टैरिफ) ने भी वैश्विक कारोबार को लेकर चिंता बढ़ा दी है। इसका सबसे ज्यादा असर टेक्नोलॉजी शेयरों पर देखने को मिला। किन सेक्टरों में सबसे ज्यादा बिकवाली हुई शुक्रवार को रियल्टी, पावर, ऑयल एंड गैस, मेटल, ऑटो, कंज्यूमर ड्यूरेबल और टेलीकॉम सेक्टर में जमकर बिकवाली हुई। इन सेक्टरों के शेयर 0.96% तक टूट गए। हालांकि, एफएमसीजी, आईटी, बैंकेक्स, पीएसयू बैंक, इंश्योरेंस और फोकस्ड आईटी सेक्टर में 1.30% तक की बढ़त देखने को मिली। बेहतर वैल्यूएशन और कर्ज की बढ़ती मांग की उम्मीद से बैंक निफ्टी ने बाकी बाजार की तुलना में बेहतर प्रदर्शन किया। बाजार में क्या रहा हाल बीएसई पर कुल 4,392 कंपनियों के शेयरों में कारोबार हुआ। इनमें 2,124 शेयर बढ़त के साथ बंद हुए, जबकि 2,053 शेयरों में गिरावट दर्ज की गई। 215 शेयरों में कोई बदलाव नहीं हुआ। इन शेयरों ने सबसे ज्यादा रुलाया दिन के कारोबार में इटरनल का शेयर 2.34% टूटकर सबसे बड़ा लूजर रहा। इसके अलावा आईसीआईसीआई बैंक, बीईएल, एलएंडटी, टाइटन, एनटीपीसी, अल्ट्राटेक सीमेंट, पावरग्रिड, अडानी पोर्ट्स, हिंदुस्तान यूनिलीवर, बजाज फिनसर्व, सन फार्मा, एचडीएफसी बैंक, इंडिगो, टाटा स्टील, इंफोसिस, एशियन पेंट, भारती एयरटेल, बजाज फाइनेंस और महिंद्रा एंड महिंद्रा के शेयर 0.06% से 2.10% तक टूट गए। इन शेयरों ने दिखाई मजबूती गिरते बाजार में भी कुछ शेयरों ने निवेशकों को राहत दी। एचसीएल टेक में 2.08%, आईटीसी में 0.78%, एक्सिस बैंक में 0.58%, टीसीएस में 0.52%, ट्रेंट में 0.48%, मारुति में 0.46%, कोटक महिंद्रा बैंक में 0.33%, एसबीआई और रिलायंस में 0.22-0.22%, जबकि टेक महिंद्रा में 0.09% की बढ़त दर्ज की गई।



Comments
0