Full Story

मुंबई। दक्षिण भारतीय सुपरस्टार प्रभास की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'फौजी' की रिलीज डेट आखिरकार सामने आ गई है। मेकर्स ने ऐलान किया है कि यह फिल्म 3 दिसंबर 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। रिलीज डेट के साथ जारी किए गए फिल्म के नए पोस्टर ने सोशल मीडिया पर जबरदस्त हलचल मचा दी है। खून से लथपथ प्रभास का लुक बना चर्चा का विषय फिल्म के नए पोस्टर में प्रभास बेहद दमदार और गंभीर अंदाज में नजर आ रहे हैं। वह खून से लथपथ हालत में एक चट्टान पर बैठे हैं। उनके चारों ओर लाशें बिखरी हुई हैं और हाथ में बंदूक दिखाई दे रही है। पोस्टर पर लिखा है, "A Battalion Who Fights Alone" , जो फिल्म की कहानी और माहौल को लेकर उत्सुकता और बढ़ा देता है। प्रभास ने पोस्टर शेयर कर लिखा खास संदेश प्रभास ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट इंस्टाग्राम पर पोस्टर साझा करते हुए लिखा, "अज्ञातपर्व खत्म होता है। फौजी 3 दिसंबर 2026 को।" वहीं, निर्माताओं ने पोस्टर जारी करते हुए लिखा, "अज्ञातपर्व समाप्त। बगावत शुरू होती है। फौजी की भव्य रिलीज दुनिया भर में 3 दिसंबर 2026 को होगी।" 'बाहुबली' के बाद फिर पीरियड ड्रामा में दिखेंगे प्रभास 'फौजी' के जरिए प्रभास एक बार फिर बड़े पैमाने के पीरियड ड्रामा में नजर आएंगे। इससे पहले उन्होंने 'बाहुबली' में अपने दमदार अभिनय से दुनियाभर में पहचान बनाई थी। ऐसे में 'फौजी' को लेकर दर्शकों की उम्मीदें काफी बढ़ गई हैं। हनु राघवपुड़ी के निर्देशन में बनी है फिल्म फिल्म का निर्देशन हनु राघवपुड़ी ने किया है। इसका निर्माण माइथ्री मूवी मेकर्स ने किया है, जबकि टी-सीरीज़ फिल्म्स इसे प्रस्तुत कर रही है। फिल्म के निर्माता नवीन यरनेनी , वाई. रवि शंकर और भूषण कुमार हैं। रिलीज डेट के ऐलान से बढ़ा फैंस का उत्साह लंबे समय से 'फौजी' का इंतजार कर रहे प्रभास के प्रशंसकों के लिए यह घोषणा किसी तोहफे से कम नहीं है। दमदार पोस्टर और रिलीज डेट सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर फिल्म को लेकर चर्चा तेज हो गई है। अब फैंस को बेसब्री से 3 दिसंबर 2026 का इंतजार है, जब प्रभास एक बार फिर बड़े पर्दे पर अपने नए अवतार में नजर आएंगे।