Full Story

मुंबई। अभिनेत्री कृति खरबंदा ने निर्देशक इम्तियाज़ अली की फिल्म ‘मैं वापस आऊंगा’ देखने के बाद एक जज़्बाती नोट शेयर करते हुए कहा है कि इस फिल्म ने उन्हें उनके दिवंगत दादाजी और नानाजी की याद दिला दी और “घर” के मायने उनके लिए बदल दिए। फिल्म ने कृति को अंदर तक छू लिया कृति खरबंदा ने सोशल मीडिया पर फिल्म को लेकर अपना दिल छू लेने वाला एहसास साझा किया। उन्होंने बताया कि ‘मैं वापस आऊंगा’ सिर्फ एक फिल्म नहीं लगी, बल्कि ऐसी याद बन गई जिसने उन्हें अपने “दादू” और “नानू” के बेहद करीब पहुंचा दिया। कृति ने लिखा कि वह उन्हें हर दिन याद करती हैं, लेकिन इस फिल्म ने उन्हें ठहरकर उन कुर्बानियों के बारे में सोचने पर मजबूर कर दिया, जो पिछली पीढ़ियों ने अपने परिवारों के लिए दी थीं। ‘इस बार घर नहीं, घर की याद मिली’ कृति ने खास तौर पर निर्देशक इम्तियाज़ अली की तारीफ करते हुए लिखा कि उनकी फिल्में अक्सर “घर” जैसी महसूस होती हैं, लेकिन इस बार एहसास कुछ और था। उन्होंने लिखा, “आपकी फिल्में अक्सर घर जैसी लगती हैं। इस बार घर नहीं मिला… इस बार घर की याद मिल गई।” कृति के इस जुमले ने साफ कर दिया कि फिल्म ने सिर्फ कहानी नहीं सुनाई, बल्कि “घर” से जुड़ी वो कमी, वो तड़प और वो अपनापन जगा दिया, जो अक्सर इंसान अपने भीतर दबाकर रखता है। कृति के लिए बदल गया ‘घर’ का मतलब अपने नोट में कृति ने लिखा कि ‘मैं वापस आऊंगा’ देखने के बाद “घर” का मतलब उनके लिए पहले जैसा नहीं रहा। उन्होंने कहा, “शायद घर सिर्फ वह जगह नहीं होती जहां हम रहते हैं। कभी-कभी घर वह भी होता है, जहां हम कभी वापस नहीं जा पाते।” यानी कृति के लिए घर अब सिर्फ चार दीवारों का नाम नहीं, बल्कि एक एहसास, एक रिश्ता और यादों में बसी ऐसी जगह है, जो हमेशा दिल में जिंदा रहती है। ‘कुछ कहानियां पर्दे पर खत्म नहीं होतीं’ कृति ने फिल्म की तारीफ करते हुए कहा कि इसका असर इसकी लंबाई से कहीं ज्यादा बड़ा है। उनके मुताबिक, कुछ कहानियां ऐसी होती हैं जो फिल्म खत्म होने के बाद भी खत्म नहीं होतीं, बल्कि दर्शकों के साथ उनके घर तक जाती हैं और लंबे वक्त तक दिल में रहती हैं। अपने भावुक नोट के आखिर में कृति ने फिल्म की पूरी टीम का शुक्रिया अदा किया। उन्होंने लिखा कि यह फिल्म उन साधारण लोगों को सलाम करती है, जिनकी कुर्बानियों पर आने वाली पीढ़ियों की दुनिया खड़ी होती है। कृति ने अपने दादू, नानू और उन जैसे तमाम लोगों को याद करते हुए कहा, “शुक्रिया मेरे दादू और नानू जैसे उन सभी आम आदमी को हीरो बनाने के लिए।” फैंस के दिल को छू रहा कृति का नोट कृति खरबंदा का यह जज़्बाती संदेश सोशल मीडिया पर लोगों को खूब पसंद आ रहा है। उनका यह पोस्ट सिर्फ फिल्म की तारीफ नहीं, बल्कि उन रिश्तों, यादों और कुर्बानियों को सलाम है, जो अक्सर वक्त के साथ धुंधली पड़ जाती हैं, लेकिन दिल से कभी मिटती नहीं।