Full Story
मुंबई। आइकॉन स्टार अल्लू अर्जुन की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘राका’ ने रिलीज से पहले ही सिनेमाई तकनीक के क्षेत्र में इतिहास रचते हुए एक साथ 37 कलाकारों का रियल-टाइम मोशन कैप्चर कर गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है, जिसके लिए 92 ऑप्टिकल मोशन-कैप्चर कैमरों और विशेष तकनीकी सिस्टम का इस्तेमाल किया गया और इस उपलब्धि को 15 सितंबर 2026 को आधिकारिक रूप से प्रमाणित किया गया। 37 कलाकारों के साथ बना वर्ल्ड रिकॉर्ड अल्लू अर्जुन अभिनीत और वी. अरुणकुमार (एटली) के निर्देशन में बन रही ‘राका’ ने “रियल-टाइम में मोशन-कैप्चर किए गए सर्वाधिक लोगों का रिकॉर्ड” श्रेणी में गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड हासिल किया है। इसके लिए एक ही समय में 37 कलाकारों को रियल-टाइम में मोशन कैप्चर किया गया। विज्ञप्ति के मुताबिक, यह उपलब्धि भारतीय सिनेमा के लिए एक महत्वपूर्ण तकनीकी उपलब्धि है।रिकॉर्ड फरवरी 2026 में बनाया गया था और 15 सितंबर 2026 को इसे आधिकारिक रूप से प्रमाणित किया गया। अल्लू अर्जुन और एटली को मिला आधिकारिक सर्टिफिकेट इस उपलब्धि को लेकर आयोजित एक विशेष समारोह में गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स के सीनियर एडजुडिकेटर स्वप्निल डांगरिकर ने अल्लू अर्जुन और निर्देशक एटली को आधिकारिक प्रमाणपत्र सौंपा। इस दौरान फिल्म की मुख्य कास्ट और क्रू भी मौजूद रही। चार साल के बच्चे से 70 साल तक के कलाकार हुए शामिल ‘राका’ के इस रिकॉर्ड की खास बात इसमें शामिल कलाकारों की संख्या के साथ उनकी उम्र का दायरा भी रहा। विशेष मोशन-कैप्चर अभ्यास में चार साल के बच्चे से लेकर 70 साल की उम्र तक के कुल 37 कलाकारों को एक ही समय में रियल-टाइम में कैप्चर किया गया। सबसे बड़ी तकनीकी चुनौती एक ही कैप्चर वॉल्यूम के भीतर सभी 37 कलाकारों के प्रदर्शन को सटीक रूप से रिकॉर्ड करने के साथ उसकी गुणवत्ता बनाए रखने की थी। 92 कैमरों से कैद हुई हर मूवमेंट इतने बड़े स्तर पर मोशन कैप्चर को संभव बनाने के लिए फिल्म की तकनीकी टीम ने खास तैयारी की। गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड के प्रयास के दौरान 92 ऑप्टिकल मोशन-कैप्चर कैमरों का इस्तेमाल किया गया। इसके साथ ही कैप्चर, कैलिब्रेशन, नेटवर्किंग और सिंक्रोनाइजेशन जैसी तकनीकों को एक साथ जोड़ा गया। इसके अलावा रियल-टाइम अनरियल विजुअलाइजेशन और फेसियल कैप्चर समेत कई तकनीकी प्रक्रियाओं और विशेषज्ञ टीमों को मिलाकर एक अत्याधुनिक तकनीकी इकोसिस्टम तैयार किया गया। ‘राका’ के लिए तैयार हुई नई मोशन-कैप्चर पाइपलाइन फिल्म के वीएफएक्स प्रोड्यूसर ने ‘राका’ की तकनीकी जरूरतों और इसके विशाल स्तर को देखते हुए एक नई मोशन-कैप्चर पाइपलाइन और वर्कफ्लो भी विकसित किया। इसी विशेष तकनीकी व्यवस्था ने एक ही शूट में 37 कलाकारों के प्रदर्शन को एक साथ कैप्चर करने की चुनौती को पूरा करने में अहम भूमिका निभाई। अल्लू अर्जुन बोले- वैश्विक स्तर पर नया मानदंड स्थापित करने वाला क्षण गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड हासिल करने पर अल्लू अर्जुन ने इसे पूरी टीम के लिए बेहद खास पल बताया। उन्होंने कहा, “हम इस असाधारण उपलब्धि पर बेहद गर्व महसूस कर रहे हैं। यह सिनेमा की सीमाओं को आगे बढ़ाने और वैश्विक स्तर पर एक नया मानदंड स्थापित करने वाला क्षण है।” अल्लू अर्जुन ने गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स का आभार जताते हुए इस उपलब्धि का श्रेय निर्देशक एटली के विजन, पूरी टीम की मेहनत और सन पिक्चर्स के समर्थन को दिया। एटली बोले- कभी नहीं सोचा था खुद बनाएंगे गिनीज रिकॉर्ड निर्देशक एटली ने भी इस उपलब्धि पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि बचपन से वह गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स के बारे में आश्चर्य और उत्साह के साथ सुनते आए हैं। एटली ने कहा, “कभी नहीं सोचा था कि एक दिन हम खुद ऐसा रिकॉर्ड बनाएंगे।” उन्होंने एक ही शूट में 37 मोशन-कैप्चर एसेट्स को एक साथ कैप्चर करने के लिए मिले सम्मान को अविश्वसनीय अनुभव बताया। एटली के मुताबिक, यह उपलब्धि इस बात की याद दिलाती है कि बड़े सपने देखकर और पूरी आस्था के साथ मिलकर काम किया जाए तो असंभव भी संभव हो सकता है। तकनीक और क्रिएटिविटी का बड़ा प्रयोग बनी ‘राका’ विज्ञप्ति के मुताबिक, इस उपलब्धि के पीछे सन पिक्चर्स का विजन, एटली की रचनात्मक सोच, अल्लू अर्जुन की प्रतिबद्धता, एप्पल आर्ट स्टूडियो की तकनीकी विशेषज्ञता, फिल्म का उन्नत वीएफएक्स वर्कफ्लो और पूरी टीम का सामूहिक प्रयास रहा। ‘राका’ का निर्माण सन पिक्चर्स के कलानिधि मारन कर रहे हैं, जबकि फिल्म में अल्लू अर्जुन मुख्य भूमिका में हैं और निर्देशन एटली ने संभाला है। गिनीज रिकॉर्ड के बहाने दुनिया के सामने भारतीय तकनीकी प्रतिभा ‘राका’ का यह रिकॉर्ड सिर्फ फिल्म की उपलब्धि तक सीमित नहीं है। विज्ञप्ति में इसे भारतीय फिल्म निर्माण की तकनीकी क्षमता, महत्वाकांक्षा और नवाचार को वैश्विक स्तर पर सामने रखने वाला महत्वपूर्ण क्षण बताया गया है। एक साथ 37 कलाकारों का रियल-टाइम मोशन कैप्चर, इसके लिए 92 ऑप्टिकल कैमरों का इस्तेमाल और विशेष पाइपलाइन तैयार करने जैसे तकनीकी प्रयोगों के साथ ‘राका’ ने रिलीज से पहले ही अपने नाम एक बड़ा रिकॉर्ड दर्ज करा लिया है।



Comments
0