Full Story

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष नितिन नवीन ने पदभार संभालने के करीब सात महीने बाद सोमवार को नई राष्ट्रीय टीम की घोषणा करते हुए पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी को राष्ट्रीय महामंत्री तथा वसुंधरा राजे और राम माधव समेत 13 नेताओं को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नियुक्त किया जबकि संगठन, मोर्चों, मीडिया और सोशल मीडिया इकाइयों में भी व्यापक फेरबदल किया गया। स्मृति ईरानी की एंट्री, राम माधव को बड़ी जिम्मेदारी नई टीम में सबसे ज्यादा चर्चा पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी की वापसी को लेकर रही। उन्हें राष्ट्रीय महामंत्री बनाया गया है। वहीं लंबे समय से संगठन और रणनीति से जुड़े राम माधव को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है। राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाए गए प्रमुख नेताओं में वसुंधरा राजे , तीरथ सिंह रावत , बैजयंत जय पांडा , डी. पुरंदेश्वरी , रेखा वर्मा , मनप्रीत सिंह बादल , प्रो. तारिक मंसूर और मधुचंद कर शामिल हैं। महिलाओं को मिला बड़ा प्रतिनिधित्व नई टीम में महिलाओं की भागीदारी पर विशेष जोर दिया गया है। 13 राष्ट्रीय उपाध्यक्षों में 6 महिलाएं शामिल हैं, जो करीब 50 प्रतिशत प्रतिनिधित्व है। इसके अलावा स्मृति ईरानी को महामंत्री बनाया गया है जबकि चार महिलाओं को राष्ट्रीय मंत्री की जिम्मेदारी दी गई है। पार्टी ने इसे महिला नेतृत्व को मजबूत करने की दिशा में अहम कदम माना है। आठ महामंत्रियों की टीम में यूपी को सबसे ज्यादा प्रतिनिधित्व भाजपा ने सात राज्यों से कुल आठ राष्ट्रीय महामंत्री नियुक्त किए हैं। इनमें उत्तर प्रदेश से सबसे अधिक दो नेताओं को जगह मिली है। राष्ट्रीय महामंत्रियों में शामिल प्रमुख नाम हैं— स्मृति ईरानी विनोद तावड़े सुनील बंसल बिप्लब कुमार देब डॉ. सतीश पूनिया गजेंद्र पटेल हरीश द्विवेदी संजय भाटिया दो मुस्लिम नेताओं को भी मिली जिम्मेदारी नई राष्ट्रीय टीम में पार्टी ने प्रो. तारिक मंसूर को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और कुंवर बासित अली को अल्पसंख्यक मोर्चा का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाकर दो मुस्लिम नेताओं को भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी है। संगठन में भी बड़ा फेरबदल पार्टी ने संगठनात्मक ढांचे में भी बदलाव किया है। तरुण चुघ को राष्ट्रीय कार्यालय प्रभारी बनाया गया है। उन्होंने अरुण सिंह की जगह ली है। वहीं, महेंद्र पांडे को राष्ट्रीय कार्यालय मंत्री की जिम्मेदारी सौंपी गई है। बी.एल. संतोष संगठन महामंत्री बने रहेंगे, जबकि शिवप्रकाश और सौदान सिंह सह संगठन महामंत्री के रूप में अपनी जिम्मेदारी निभाएंगे। मीडिया और सोशल मीडिया टीम भी बदली, अमित मालवीय की विदाई भाजपा ने मीडिया और डिजिटल विंग में भी नई जिम्मेदारियां तय की हैं। अनिल बलूनी को मीडिया संयोजक बनाया गया। प्रदीप भंडारी, आशीष उषा अग्रवाल और सिद्धार्थ यादव को मीडिया सह-संयोजक नियुक्त किया गया। भाजपा आईटी सेल के इंचार्ज रहे अमित मालवीय को नई टीम में जगह नहीं मिली उनके स्थान पर दीपक म्हस्के सोशल मीडिया संयोजक होंगे जबकि प्रीति गांधी, शिवानंद द्विवेदी, आलोक भट्ट और अरुण यादव को सह-संयोजक बनाया गया। मोर्चों की कमान भी नए चेहरों को भाजपा ने अपने सभी प्रमुख मोर्चों के अध्यक्षों की भी घोषणा की। * युवा मोर्चा – डॉ. हेमांग जोशी * महिला मोर्चा – रूप कुमारी चौधरी * किसान मोर्चा – बंसीलाल गुर्जर * ओबीसी मोर्चा – अमरपाल मौर्य * एससी मोर्चा – शिवेश कुमार राम * एसटी मोर्चा – डॉ. मन्नालाल रावत * अल्पसंख्यक मोर्चा – कुंवर बासित अली संतुलन साधने की कोशिश नई राष्ट्रीय टीम में क्षेत्रीय, सामाजिक और संगठनात्मक संतुलन साधने की कोशिश साफ दिखाई देती है। महिलाओं, युवाओं, विभिन्न राज्यों और अलग-अलग वर्गों को प्रतिनिधित्व देकर भाजपा ने आगामी राजनीतिक चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए अपने संगठनात्मक ढांचे को नई दिशा देने का प्रयास किया है। अब नजर इस बात पर रहेगी कि नई टीम आगामी चुनावों और संगठन विस्तार की रणनीति को किस तरह आगे बढ़ाती है।