Full Story

नई दिल्ली। नीट पेपर लीक मामले को लेकर आंदोलन कर रही कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) और केंद्र सरकार के बीच शुक्रवार को करीब दो घंटे तक हुई बातचीत में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग पर कोई सहमति नहीं बनने पर सीजेपी ने साफ कर दिया कि जब तक श्री प्रधान इस्तीफा नहीं देते या उन्हें पद से नहीं हटाया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। अब दोनों पक्षों के बीच शनिवार दोपहर फिर से बैठक होगी, जिसमें इस मुद्दे पर अंतिम फैसला होने की उम्मीद जताई जा रही है। नड्डा-जितेंद्र सिंह ने की बातचीत, सीजेपी ने सौंपा मांग पत्र बैठक में सरकार की ओर से केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा और डॉ. जितेंद्र सिंह जबकि सीजेपी की ओर से प्रवक्ता गौरव दास और आशुतोष रांका शामिल हुए। इस दौरान सीजेपी ने सरकार को अपना मांग पत्र भी सौंपा। मांग पत्र में श्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के अलावा पेपर लीक से जुड़ी घटनाओं के कारण आत्महत्या करने वाले छात्रों के परिवारों को एक-एक करोड़ रुपये मुआवजा देने और दिल्ली में आंदोलन के दौरान प्रदर्शनकारियों के खिलाफ दर्ज सभी एफआईआर वापस लेने की मांग प्रमुख रही। एफआईआर और मुआवजे पर सरकार का रुख नरम बैठक के बाद सीजेपी नेताओं ने बताया कि प्रदर्शनकारियों के खिलाफ दर्ज एफआईआर वापस लेने और पीड़ित परिवारों को मुआवजा देने के मुद्दे पर सरकार का रुख सकारात्मक रहा। हालांकि, शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग पर मंत्रियों ने विचार के लिए शनिवार दोपहर तक का समय मांगा है। सीजेपी ने स्पष्ट किया कि यदि श्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा नहीं हुआ तो देशभर में बड़े स्तर पर आंदोलन शुरू किया जाएगा। दिल्ली पुलिस की कार्रवाई का भी उठा मुद्दा सीजेपी ने बैठक में जंतर-मंतर आने-जाने वाले प्रदर्शनकारियों को दिल्ली पुलिस द्वारा हिरासत में लिए जाने का मामला भी उठाया। सरकार की ओर से कहा गया कि उसे ऐसी घटनाओं की जानकारी नहीं है लेकिन यदि ऐसा हो रहा है तो इसे तुरंत रोका जाएगा। सीजेपी का दावा है कि आंदोलनकारियों के खिलाफ अब तक 11 एफआईआर दर्ज की गई हैं। पार्टी ने सरकार से इन एफआईआर की प्रतियां उपलब्ध कराने और उन्हें रद्द करने की मांग की है। नड्डा बोले- सकारात्मक माहौल में हुई बातचीत बैठक के बाद केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने कहा कि करीब दो घंटे तक सौहार्दपूर्ण माहौल में नई सोच और नए तरीके से बातचीत हुई। उन्होंने कहा कि सीजेपी की कुछ मांगों पर सरकार विचार करेगी और शनिवार दोपहर बाद दोनों पक्षों के बीच फिर बैठक होगी।