Full Story

रायबरेली। समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने गुरुवार को रायबरेली से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के खिलाफ चुनावी हुंकार भरते हुए दावा किया कि 2024 में उसे हराने के बाद पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) समाज 2027 में उसका ‘सफाया’ करेगा। ‘एक तरफ पीड़ित, दूसरी तरफ प्रताड़ना देने वाले’ श्री यादव ने गुरुवार को यहां जीआईसी मैदान में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि इस बार राजनीतिक लड़ाई की लाइन साफ खिंच चुकी है। एक तरफ पीड़ित लोग हैं और दूसरी तरफ प्रताड़ना देने वाले। उन्होंने कहा, “जो पीड़ित हैं वे पीडीए हैं, जो दुखी हैं वे पीडीए हैं और जिनका अपमान हो रहा है, वे भी पीडीए हैं।” उन्होंने आरोप लगाया कि समाज में लंबे समय से खाई और भेदभाव पैदा किया गया है और उनकी पार्टी इस भेदभाव को खत्म करने की लड़ाई लड़ेगी। रथ को बताया कुरुक्षेत्र और महाभारत का प्रतीक सपा अध्यक्ष ने रायबरेली पहुंचने के लिए इस्तेमाल किए गए रथ का जिक्र करते हुए उसे भारतीय संस्कृति में कुरुक्षेत्र और महाभारत से जोड़ा और कहा कि इसी तरह के रथ से भगवान कृष्ण ने गीता का संदेश दिया था और आज यह रथ भी सीख दे रहा है। उन्होंने पीडीए की एकजुटता पर जोर देते हुए कहा कि यह लड़ाई केवल राजनीतिक नहीं, बल्कि सम्मान और अधिकारों से भी जुड़ी है। मंदिर और सामाजिक भेदभाव को लेकर भाजपा पर आरोप श्री यादव ने भाजपा पर सामाजिक भेदभाव के गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने दावा किया कि पीडीए समाज का कोई व्यक्ति मंदिर जाता है तो मंदिर को गंगाजल से धुलवाया जाता है और सत्ता में बैठे लोग अपमान करने का काम करते हैं।उन्होंने कहा कि पीडीए के लोगों ने अपनी संख्या और ताकत का अहसास करा दिया है और अब वे पीछे हटने वाले नहीं हैं। ‘पीडीए मिलकर हराएगा’ सपा अध्यक्ष ने कहा कि चुनाव में चाहे कितनी भी ताकत लगा ली जाए, पीडीए के लोग मिलकर भाजपा को हराएंगे। उन्होंने पीडीए को निर्बल और कमजोर वर्गों के साथ खड़ा बताते हुए इसे संविधान, आरक्षण और लोकतंत्र की रक्षा की लड़ाई से जोड़ा। उन्होंने भाजपा पर संविधान और कानून नहीं मानने का आरोप लगाते हुए कहा कि इसके कई उदाहरण मौजूद हैं। ‘जनता के वोट का बुलडोजर योगी सरकार को खत्म कर देगा’ श्री यादव ने अपने संबोधन में ‘बुलडोजर’ को लेकर भी भाजपा सरकार पर राजनीतिक हमला किया और कहा कि जनता के वोट का बुलडोजर मौजूदा योगी सरकार को खत्म कर देगा। उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2024 के बाद वर्ष 2027 के चुनाव में भी जनता भाजपा के खिलाफ मतदान करेगी। उन्होंने कहा कि जनता अब सच्चाई समझ चुकी है। बारिश में उमड़े समर्थक, 21 किलो की माला से स्वागत अखिलेश यादव के रायबरेली पहुंचने के दौरान उनके रथ के साथ बड़ी संख्या में समर्थक दिखाई दिए। रास्ते में उन्होंने हनुमान मंदिर में दर्शन भी किए। उनके स्वागत के लिए दो क्रेन लगाई गई थीं, जिन पर सवार समर्थकों ने उन्हें 21 किलोग्राम की माला पहनाई। बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में समर्थक उनके स्वागत और उन्हें देखने के लिए खड़े रहे।