Full Story
दुमका। झारखंड के दुमका कोर्ट को स्पीड पोस्ट के जरिए धमकी भरा पत्र मिलने के बाद पुलिस और न्यायिक महकमे में हड़कंप मच गया है, जिसके मद्देनजर कोर्ट परिसर की सुरक्षा बढ़ा दी गई है और मामले की जांच तेज कर दी गई है। बंगला भाषा में लिखा था पत्र, आधार कार्ड की कॉपी भी मिली पुलिस सूत्रों ने शुक्रवार को बताया कि धमकी भरा पत्र बंगला भाषा में लिखा गया था। पत्र के साथ दो लोगों के नाम और एक आधार कार्ड की कॉपी भी संलग्न थी। मामला सामने आते ही पुलिस प्रशासन ने इसे गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी। धमकी मिलने के बाद कोर्ट परिसर की सुरक्षा तुरंत बढ़ा दी गई। पुलिस अधीक्षक (एसपी) पीतांबर सिंह खैरवार के नेतृत्व में पुलिस की उच्चस्तरीय टीम ने डॉग स्क्वॉड के साथ पूरे दुमका कोर्ट परिसर की गहन तलाशी ली और सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया। कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली, प्रशासन ने ली राहत की सांस तलाशी अभियान के दौरान कोर्ट परिसर से कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई। इसके बाद पुलिस और प्रशासन ने राहत की सांस ली लेकिन एहतियात के तौर पर कोर्ट परिसर में चौकसी और कड़ी कर दी गई है। आधार कार्ड का दुरुपयोग होने की आशंका दुमका के एसपी पीतांबर सिंह खैरवार ने बताया कि पत्र के साथ भेजे गए आधार कार्ड और संबंधित व्यक्ति का सत्यापन किया गया। जांच में सामने आया कि जिस व्यक्ति के नाम और आधार कार्ड का इस्तेमाल किया गया, उसका इस मामले से कोई संबंध नहीं है। पूछताछ में संबंधित व्यक्ति ने पुलिस को बताया कि उसके आधार कार्ड का किसी ने दुरुपयोग कर यह चिट्ठी भेजी है। पश्चिम बंगाल से भेजी गई थी धमकी भरी चिट्ठी प्रारंभिक जांच में पता चला है कि यह स्पीड पोस्ट पश्चिम बंगाल के पूर्वी बर्दवान जिले के भातार थाना क्षेत्र से भेजी गई थी। पुलिस अब चिट्ठी भेजने वाले असली व्यक्ति की पहचान करने में जुटी है। फिलहाल दुमका कोर्ट परिसर में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत कर दी गई है। पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए हर पहलू से जांच कर रही है और धमकी भरा पत्र भेजने वाले आरोपी तक पहुंचने की कोशिश में जुटी हुई है।



Comments
0