Full Story
मोतिहारी। बिहार में पूर्वी चंपारण जिले के हरसिद्धि थाना क्षेत्र में 45 हजार रुपये और नशे की लत के लिए 23 वर्षीय युवक ने अपनी मां की गला रेतकर हत्या कर दी और वारदात को लूट का रूप देने की कोशिश की लेकिन पुलिस ने महज 24 घंटे में घटना का खुलासा कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। बैंक से रुपये निकालकर लौट रही थी मां पुलिस सूत्रों ने गुरुवार को बताया कि बनकटवा गांव निवासी 45 वर्षीय नजमा खातून समूह का 45 हजार रुपये निकालकर घर लौट रही थीं। रास्ते में उनका 23 वर्षीय बेटा आलम हुसैन उन्हें बाइक से घर छोड़ने के बहाने अपने साथ ले गया। खोड़ी पाकड़ चिमनी के पास उसने बाइक रोकी और बहाने से मां को गन्ने के खेत में ले गया, जहां कथित तौर पर चाकू से उनका गला रेतकर हत्या कर दी। इसके बाद रुपये लेकर मौके से फरार हो गया। पति ने सुनाई लूट की कहानी, पुलिस को हुआ शक घटना के बाद नजमा के पति जुमन मियां ने पुलिस को बताया कि अज्ञात बदमाशों ने 45 हजार रुपये लूटने के बाद उनकी पत्नी की हत्या कर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अरेराज डीएसपी रवि कुमार के नेतृत्व में विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों की बारीकी से जांच शुरू की। बेटे के बदलते बयान से गहराया शक जांच के दौरान पुलिस ने मृतका के बेटे आलम हुसैन से पूछताछ की। अधिकारियों के मुताबिक, वह बार-बार अपने बयान बदल रहा था और अलग-अलग कहानियां बताकर जांच को भटकाने की कोशिश कर रहा था। उसके हाव-भाव और विरोधाभासी बयानों ने पुलिस का शक और गहरा कर दिया। एक चप्पल ने खोल दी पूरी साजिश जांच के दौरान थानाध्यक्ष सुनील कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने गन्ने के खेत की गहन तलाशी ली। वहां मृतका की चप्पल के साथ आलम हुसैन की चप्पल भी पड़ी मिली। यही छोटा-सा सुराग पुलिस के लिए सबसे बड़ी कड़ी साबित हुआ। इसके बाद आलम को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की गई, जिसमें उसने कथित तौर पर हत्या की पूरी कहानी कबूल कर ली। पहले दिन मौका नहीं मिला, अगले दिन वारदात को दिया अंजाम पुलिस के अनुसार, घटना से एक दिन पहले भी नजमा रुपये निकालने बैंक गई थीं, लेकिन उस समय उनका छोटा बेटा साथ था। इसलिए आलम अपनी योजना पूरी नहीं कर सका। अगले दिन जब उसे पता चला कि मां अकेले बैंक गई हैं, तो उसने कथित तौर पर बाजार से चाकू खरीदा और रास्ते में उनका इंतजार करने लगा। नशे और मौज-मस्ती के लिए मां की कर दी हत्या पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह मां के पास मौजूद 45 हजार रुपये से अपनी नशे की लत और मौज-मस्ती का खर्च पूरा करना चाहता था। जिस मां ने उसे जन्म दिया और पाल-पोसकर बड़ा किया, उसी की उसने पैसों के लिए हत्या कर दी। वारदात के बाद उसने पुलिस को गुमराह करने के लिए लूट की झूठी कहानी भी गढ़ी। 24 घंटे में पुलिस ने सुलझाया हत्याकांड पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) रवि कुमार ने बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 24 घंटे के भीतर पूरे मामले का खुलासा कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल चाकू, लूटी गई रकम और अन्य अहम साक्ष्य भी बरामद कर लिए गए हैं।



Comments
0