Full Story

सुपौल। बिहार के सुपौल जिले के बीरपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने रविवार को एक घर पर छापेमारी कर 50 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की तथा मौके से भागने की कोशिश कर रहे दो कथित तस्करों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधीक्षक शरथ आर.एस. ने रविवार को बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कोचगामा पंचायत के वार्ड संख्या-4 स्थित रामकुमार के घर से ब्राउन शुगर की बिक्री का अवैध कारोबार चल रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में छापेमारी की योजना बनाई। निर्धारित कार्रवाई के तहत पुलिस टीम ने रामकुमार के घर पर छापा मारा। तलाशी के दौरान घर से करीब 50 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की गई। पुलिस की अचानक कार्रवाई से मौके पर मौजूद तस्करों में अफरा-तफरी मच गई। श्री शरथ ने बताय कि पुलिस को देखते ही आरोपी रामकुमार और मोहम्मद आजाद भागने की कोशिश करने लगे, लेकिन पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए दोनों को खदेड़कर पकड़ लिया। इसके बाद दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी गई। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मौके से ब्राउन शुगर के अलावा नशे के कारोबार से जुड़े अन्य सामान भी जब्त किए गए हैं। बरामद सामग्री की जांच की जा रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि इस नेटवर्क से और कौन-कौन लोग जुड़े हैं। पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। साथ ही जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ विशेष अभियान जारी रहेगा।