Full Story

मोतिहारी। कला, साहित्य और संस्कृति के विविध रंगों से मोतिहारी को सराबोर करने के लिए रोशनाई फाउंडेशन 25 से 29 अक्टूबर तक पांच दिवसीय ‘आर्ट कार्निवल–2026’ का आयोजन करेगा। नगर भवन मैदान में आयोजित होने वाले इस कार्निवल में पुस्तक मेला, लोक कला-संगीत, नाटक, कवि सम्मेलन, मुशायरा और कला प्रदर्शनी समेत कई कार्यक्रम होंगे। आयोजन के जरिए पूरे उत्तर बिहार को एक साझा सांस्कृतिक मंच से जोड़ने और नई पीढ़ी को साहित्य एवं कला से जोड़ने की पहल की जा रही है। रोशनाई फाउंडेशन के अध्यक्ष अनिल वर्मा ने रविवार को संवाददाता सम्मेलन में बताया कि पांच दिनों तक चलने वाले कार्निवल में प्रतिदिन साहित्यिक और सांस्कृतिक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इसका उद्देश्य कला और साहित्य को आम लोगों तक पहुंचाने के साथ युवाओं और बच्चों की रचनात्मक भागीदारी बढ़ाना है। पुस्तक मेले से मुशायरे तक, कला-संस्कृति की विविध विधाओं का संगम फाउंडेशन के सचिव सह मैनेजिंग ट्रस्टी गुलरेज शहजाद ने बताया कि कार्निवल के अंतर्गत पुस्तक मेला, लिटरेचर फेस्टिवल, ड्रामा फेस्टिवल और आर्ट एंड क्राफ्ट फेस्टिवल आयोजित किए जाएंगे। लोक संगीत, नाटक, कला प्रदर्शनी, कवि सम्मेलन और मुशायरे के साथ बच्चों के लिए कविता वाचन एवं कथा वाचन जैसे कार्यक्रम भी होंगे। उन्होंने कहा कि आयोजन स्थानीय और उभरते कलाकारों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर देगा। साथ ही साहित्यकारों, कलाकारों और संस्कृति से जुड़े लोगों के बीच संवाद तथा रचनात्मक आदान-प्रदान का मंच तैयार करेगा। युवाओं को विरासत से जोड़ने और रचनात्मक अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देने की पहल फाउंडेशन के अनुसार, कार्निवल का उद्देश्य युवा पीढ़ी को राज्य की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत से जोड़ना और कला-साहित्य के क्षेत्र में रचनात्मक वातावरण विकसित करना है। इसके माध्यम से सांस्कृतिक पर्यटन और स्थानीय रचनात्मक अर्थव्यवस्था को भी प्रोत्साहित करने का प्रयास किया जाएगा। आयोजन के अवसर पर एक विशेष स्मारिका का प्रकाशन भी किया जाएगा। इसमें कार्निवल से जुड़े विषयों के साथ कला, साहित्य और संस्कृति पर आधारित सामग्री प्रकाशित की जाएगी।