Full Story
मुंबई। ‘मिर्जापुर’ के चाहने वालों के लिए फ्रेंचाइजी एक नया म्यूजिकल सरप्राइज लेकर आ रही है। एक्सेल एंटरटेनमेंट और अमेजन एमजीएम स्टूडियोज ने फिल्म ‘मिर्जापुर: द मूवी’ के नए गाने ‘वारूँ फॉरएवर’ के दो पोस्टर जारी किए हैं, जिनमें पहली बार इस ट्रैक की विजुअल दुनिया की झलक देखने को मिली है। गाना 18 अगस्त को रिलीज किया जाएगा। पुराने ‘वारूँ’ की नई वापसी ‘वारूँ फॉरएवर’ वर्ष 2020 में रिलीज हुए लोकप्रिय गाने ‘वारूँ’ का नया वर्जन है। यह गीत ‘मिर्जापुर’ की दुनिया से गहराई से जुड़ा रहा है और अपनी भावनात्मक धुन के कारण दर्शकों के बीच खास पहचान बना चुका है। ओरिजिनल गाने को रोमी ने आवाज दी थी जबकि इसका संगीत आनंद भास्कर ने तैयार किया और बोल गिन्नी दीवान ने लिखे थे। रोमी के साथ जुड़ीं श्रेया घोषाल नए वर्जन में रोमी एक बार फिर अपनी आवाज का जादू बिखेरेंगे, लेकिन इस बार उनके साथ मशहूर गायिका श्रेया घोषाल भी सुनाई देंगी। आनंद भास्कर और गिन्नी दीवान भी इस ट्रैक के लिए लौटे हैं। मेकर्स के मुताबिक, नए गाने में ओरिजिनल की रूह को बरकरार रखते हुए उसे एक नए म्यूजिकल अंदाज में पेश किया गया है। ऐसे में यह ट्रैक पुराने प्रशंसकों के लिए यादों की वापसी और नए दर्शकों के लिए एक ताजा अनुभव बन सकता है। पोस्टर्स ने बढ़ाई उत्सुकता जारी किए गए दोनों पोस्टर्स में गाने के मूड और विजुअल टोन की झलक मिलती है। पोस्टर सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर ‘वारून फॉरएवर’ को लेकर उत्सुकता बढ़ गई है। गाने को इस तरह तैयार किया गया है कि यह ‘मिर्जापुर’ की पुरानी भावनाओं को नई धुन और नए स्वर के साथ जोड़े। कब रिलीज होगी ‘मिर्जापुर: द मूवी’ अमेजन एमजीएम स्टूडियोज और एक्सेल एंटरटेनमेंट द्वारा प्रस्तुत ‘मिर्जापुर: द मूवी’ का निर्देशन गुरमीत सिंह ने किया है। फिल्म की कहानी और पटकथा पुनीत कृष्णा ने लिखी है। फिल्म का निर्माण रितेश सिधवानी और फरहान अख्तर ने एक्सेल एंटरटेनमेंट के बैनर तले किया है, जबकि कासिम जगमगिया और विशाल रामचंदानी इसके सह-निर्माता हैं। ‘मिर्जापुर: द मूवी’ 4 सितंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। इससे पहले 18 अगस्त को आने वाला ‘वारून फॉरएवर’ फिल्म के प्रमोशन का बड़ा म्यूजिकल पड़ाव माना जा रहा है।



Comments
0