Full Story

कोलकाता। तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) में जारी सियासी उठापटक के बीच अभिनेत्री और राज्यसभा सांसद कोयल मल्लिक के इस्तीफे ने पार्टी की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं क्योंकि लगातार चार इस्तीफों के बाद राज्यसभा में तृणमूल कांग्रेस के सांसदों की संख्या घटकर सिर्फ नौ रह गई है। कोयल मल्लिक से पहले टीएमसी के वरिष्ठ नेता सुखेंदु शेखर रॉय और सुस्मिता देव भी राज्यसभा की सदस्यता छोड़ चुके हैं। वहीं, गुरुवार सुबह ही सांसद प्रकाश चिक बड़ाइक ने भी अपना इस्तीफा राज्यसभा सभापति सी.पी. राधाकृष्णन को सौंप दिया था। उनके इस्तीफे के बाद पार्टी के सांसदों की संख्या 10 रह गई थी लेकिन कोयल मल्लिक के पद छोड़ते ही यह आंकड़ा घटकर 9 रह गया। चुनाव से पहले पार्टी का बड़ा चेहरा बनी थीं कोयल बंगाली फिल्म इंडस्ट्री की लोकप्रिय अभिनेत्री कोयल मल्लिक को विधानसभा चुनाव से पहले टीएमसी ने राज्यसभा भेजा था। पार्टी ने उन्हें एक बड़े चेहरे के तौर पर पेश किया था और उन्होंने कई चुनावी कार्यक्रमों तथा प्रचार अभियानों में सक्रिय भूमिका भी निभाई थी। राजनीतिक विवादों से दूरी की चर्चा सूत्रों के अनुसार, कोयल मल्लिक पिछले कुछ समय से राजनीतिक विवादों और बढ़ती सियासी खींचतान से दूरी बनाए रखना चाहती थीं। माना जा रहा है कि इसी वजह से उन्होंने सांसद पद छोड़ने का फैसला लिया। हालांकि, उन्होंने अभी तक अपने इस्तीफे के कारणों को लेकर कोई सार्वजनिक बयान नहीं दिया है। टीएमसी के भीतर बढ़ रही बेचैनी विधानसभा चुनाव परिणामों के बाद से ही पार्टी के अंदर असंतोष की खबरें सामने आ रही थीं। लगातार हो रहे इस्तीफों ने इन अटकलों को और बल दिया है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि आने वाले दिनों में पार्टी को और भी झटके लग सकते हैं। हालांकि टीएमसी नेतृत्व ने अब तक इस पूरे घटनाक्रम पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी है। राष्ट्रीय राजनीति में असर पर चर्चा राज्यसभा की सदस्यता ग्रहण करते समय देश सेवा का संकल्प लेने वाली कोयल मल्लिक का कुछ ही महीनों में पद छोड़ देना राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बन गया है। लगातार हो रहे इस्तीफों को टीएमसी के भीतर बढ़ती असहजता और राष्ट्रीय राजनीति में पार्टी की बदलती स्थिति से जोड़कर देखा जा रहा है।