Full Story
पटना। हजारों समर्थकों के साथ शक्ति प्रदर्शन करते हुए जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर (पीके) ने सोमवार को बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए नामांकन दाखिल किया और इसे सिर्फ विधायक चुनने का नहीं बल्कि बिहार में नेतृत्व परिवर्तन और बेहतर भविष्य की लड़ाई बताया। पदयात्रा में दिखा शक्ति प्रदर्शन पीके ने स्काउट एवं गाइड मैदान से अपनी नामांकन यात्रा शुरू की। यह पदयात्रा कोतवाली थाना, डाकबंगला, एसपी वर्मा रोड, जेपी गोलंबर और गांधी मैदान होते हुए समाहरणालय पहुंची। इस दौरान बड़ी संख्या में जन सुराज के कार्यकर्ता, समर्थक और स्थानीय लोग उनके साथ नजर आए। पूरे रास्ते "लड़ेंगे बांकीपुर, जीतेंगे बांकीपुर" के नारों से माहौल चुनावी रंग में रंगा रहा। 'यह मेरा नहीं, बदलते बिहार का नामांकन है' नामांकन के बाद मीडिया से बातचीत में श्री किशोर ने कहा कि यह उनका व्यक्तिगत नामांकन नहीं, बल्कि बदलते बिहार की तस्वीर और बेहतर भविष्य का नामांकन है। उन्होंने कहा कि यह बिहार में अपराध और पुरानी राजनीति के खिलाफ नई शुरुआत का संदेश है। 'बांकीपुर किसी नेता का गढ़ नहीं, जनता का गढ़ है' पीके ने कहा कि बांकीपुर किसी पार्टी या नेता की जागीर नहीं है। फैसला जनता करेगी कि यह सीट किसके पास जाएगी। उनके मुताबिक, यह सिर्फ विधायक चुनने का चुनाव नहीं, बल्कि बिहार में नेतृत्व बदलने, जनप्रतिनिधियों को जवाबदेह बनाने और भाजपा के अहंकार पर अंकुश लगाने का चुनाव है। हरिहरनाथ मंदिर में पूजा कर लिया आशीर्वाद नामांकन से पहले प्रशांत किशोर ने सोनपुर स्थित प्रसिद्ध बाबा हरिहरनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया। इसके बाद वह सीधे पटना पहुंचे और समर्थकों के साथ पदयात्रा निकालते हुए नामांकन दाखिल किया। दिलचस्प हो गया बांकीपुर का मुकाबला बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव पहले से ही बिहार की सबसे चर्चित चुनावी लड़ाइयों में शामिल है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने यहां नीरज सिन्हा को उम्मीदवार बनाया है, जबकि राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने रेखा गुप्ता पर भरोसा जताया है। वहीं, जन सुराज के प्रमुख प्रशांत किशोर के मैदान में उतरने से यह मुकाबला अब और भी दिलचस्प और हाई-प्रोफाइल हो गया है।



Comments
0