Full Story

मुंबई। अमेरिका और ईरान के बीच शांति वार्ता दोबारा शुरू होने की उम्मीद तथा अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में तेज गिरावट से सोमवार को घरेलू शेयर बाजार में चौतरफा खरीदारी हुई, जिससे सेंसेक्स 544 अंक चढ़ गया और निफ्टी 24,774 अंक के पार बंद हुआ। 800 अंक ऊपर खुला सेंसेक्स बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स कारोबार की शुरुआत में करीब 800 अंक की तेजी के साथ खुला। हालांकि बाद में कुछ मुनाफावसूली हुई, लेकिन सूचकांक अंत में 544.39 अंक यानी 0.70 प्रतिशत बढ़कर 78,639.03 अंक पर बंद हुआ। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी-50 भी 390.70 अंक यानी 1.60 प्रतिशत की मजबूती के साथ 24,774.30 अंक पर पहुंच गया। शांति वार्ता की उम्मीद से लुढ़का कच्चा तेल अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि ईरान के साथ शांति वार्ता सोमवार से दोबारा शुरू हो सकती है। इस बयान से पश्चिम एशिया में तनाव कम होने की उम्मीद बढ़ी और अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें नीचे आ गईं। लंदन का ब्रेंट क्रूड वायदा करीब साढ़े चार प्रतिशत गिरकर 84 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया। तेल की कीमतों में गिरावट से भारत में आयात खर्च और महंगाई का दबाव कम होने की उम्मीद में निवेशकों का भरोसा बढ़ा। मिडकैप और स्मॉलकैप में भी तेजी बाजार की मजबूती केवल बड़ी कंपनियों तक सीमित नहीं रही। निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक 1.08 प्रतिशत और स्मॉलकैप-100 सूचकांक 1.29 प्रतिशत चढ़ गया। इससे संकेत मिला कि बाजार में खरीदारी व्यापक रही और निवेशकों ने छोटी एवं मझौली कंपनियों के शेयरों में भी दिलचस्पी दिखाई। आईटी सेक्टर ने संभाली तेजी की कमान निफ्टी मीडिया को छोड़कर सभी प्रमुख क्षेत्रीय सूचकांक बढ़त के साथ बंद हुए। आईटी सूचकांक में सबसे अधिक 3.28 प्रतिशत का उछाल आया। बैंकिंग, वित्तीय सेवा, ऑटो, एफएमसीजी, धातु, रियल्टी, टिकाऊ उपभोक्ता उत्पाद और रसायन क्षेत्रों के सूचकांक एक से डेढ़ प्रतिशत तक मजबूत हुए। तेल एवं गैस शेयरों में भी अच्छी खरीदारी देखने को मिली। इंडिगो, टीसीएस और इंफोसिस में जोरदार उछाल सेंसेक्स की कंपनियों में इंडिगो का शेयर सबसे अधिक करीब सवा चार प्रतिशत चढ़ा। टीसीएस और इंफोसिस में करीब साढ़े तीन प्रतिशत तथा इटरनल में ढाई प्रतिशत की तेजी रही। आईटीसी, एक्सिस बैंक, बजाज फिनसर्व, एलएंडटी, एचसीएल टेक्नोलॉजीज और ट्रेंट के शेयर भी एक से दो प्रतिशत तक मजबूत हुए। भारतीय स्टेट बैंक, हिंदुस्तान यूनिलीवर, कोटक महिंद्रा बैंक, आईसीआईसीआई बैंक, टाइटन, एचडीएफसी बैंक और अल्ट्राटेक सीमेंट भी हरे निशान में बंद हुए। सन फार्मा और भारती एयरटेल में गिरावट तेजी के इस माहौल में भी कुछ बड़े शेयर दबाव में रहे। सन फार्मा में सबसे अधिक करीब दो प्रतिशत और भारती एयरटेल में एक प्रतिशत की गिरावट आई। मारुति सुजुकी, टाटा स्टील और महिंद्रा एंड महिंद्रा के शेयर भी नुकसान में बंद हुए।