Full Story

चेन्नई। अपोलो हॉस्पिटल्स ने उपासना कामिनेनी कोनिडेला को परियोजना निदेशक (डायरेक्टर–प्रोजेक्ट्स) की जिम्मेदारी सौंपी है, जहां वह समूह की करीब 8600 करोड़ रुपये की विस्तार योजना के तहत देशभर में नए अस्पतालों की योजना और निर्माण के साथ मौजूदा अस्पतालों के विस्तार और अपग्रेड पर ध्यान देंगी। 1565 करोड़ के ब्राउनफील्ड प्रोजेक्ट भी शामिल विस्तार योजना में मौजूदा अस्पतालों से जुड़े करीब 1565 करोड़ रुपये की ब्राउनफील्ड परियोजना भी शामिल हैं। इसके तहत बड़े शहरों में क्षमता बढ़ाने के साथ तेजी से विकसित हो रहे शहरों में नए अस्पताल शुरू करने की योजना है। जारी योजनाओं में हैदराबाद, दिल्ली-राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर), चेन्नई, मुंबई, बेंगलुरु, लखनऊ, वाराणसी, इंदौर, गुवाहाटी और रांची जैसे शहर शामिल हैं। हालांकि, उपासना की जिम्मेदारी में आने वाली विशेष परियोजना और उनके बजट अपोलो की ओर से तय किए जाएंगे। मरीजों के अनुभव को बेहतर बनाने पर जोर उपासना अस्पतालों में आसान रास्ते, स्पष्ट संकेतक, बेहतर क्लिनिकल स्पेस और मरीजों व उनके परिवारों के लिए सुविधाजनक माहौल तैयार करने पर भी ध्यान देंगी। इसके अलावा डिजाइन से लेकर अस्पताल शुरू होने तक प्रोजेक्ट प्रक्रिया, रिपोर्टिंग और अलग-अलग टीमों के बीच तालमेल बेहतर करने पर काम किया जाएगा। उपासना कामिनेनी कोनिडेला ने कहा कि उनके दादा डॉ. प्रताप सी. रेड्डी ने इस सोच के साथ अपोलो की नींव रखी थी कि भारत के लोगों को विश्वस्तरीय स्वास्थ्य सेवाएं आसानी से उपलब्ध हों। उन्होंने कहा कि बेहतर अस्पताल डिजाइन का उद्देश्य केवल खूबसूरती नहीं, बल्कि मरीजों, उनके परिवारों और मेडिकल टीमों की जरूरतों को बेहतर तरीके से पूरा करना भी होना चाहिए। अपोलो के इस विस्तार का उद्देश्य आधुनिक स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ाने के साथ डॉक्टरों, नर्सों और दूसरे स्वास्थ्यकर्मियों के लिए रोजगार के अवसर पैदा करना भी है।