Full Story

मुंबई। विदेशी बाजारों से मिले कमजोर संकेतों को दरकिनार करते हुए घरेलू शेयर बाजार में शुक्रवार को जबरदस्त खरीदारी देखने को मिली, जिससे बीएसई सेंसेक्स 965 अंक उछलकर 78,151.45 पर और निफ्टी 24,334.30 के स्तर पर बंद हुआ। पूरे दिन हरे निशान में रहा बाजार सेंसेक्स 184 अंकों की बढ़त के साथ खुला और पूरे कारोबारी सत्र में बढ़त बनाए रखी। विदेशी बाजारों में दबाव के बावजूद घरेलू निवेशकों की खरीदारी ने बाजार को मजबूत सहारा दिया। इन सेक्टर ने बाजार को दी रफ्तार बैंकिंग, आईटी, वित्तीय सेवाएं, ऑटो, रियल्टी और ऑयल एंड गैस सेक्टर में अच्छी खरीददारी देखने को मिली। हालांकि फार्मा, हेल्थकेयर और मेटल सेक्टर दबाव में रहे। वहीं, व्यापक बाजार में कमजोरी देखने को मिली। निफ्टी मिडकैप-50 0.30% और स्मॉलकैप-100 0.21% फिसल गया। इन शेयरों ने मचाई धूम सेंसेक्स की कंपनियों में टेक महिंद्रा करीब 4% की बढ़त के साथ सबसे बड़ा गेनर रहा। कोटक महिंद्रा बैंक और टीसीएस में 3% से ज्यादा की तेजी दर्ज की गई। इसके अलावा रिलायंस इंडस्ट्रीज , हिंदुस्तान यूनिलीवर , महिंद्रा एंड महिंद्रा , एक्सिस बैंक , आईसीआईसीआई बैंक , बजाज फाइनेंस , इंफोसिस , एचडीएफसी बैंक , एचसीएल टेक , एसबीआई , एलएंडटी और पावरग्रिड के शेयर भी मजबूत बढ़त के साथ बंद हुए। इन शेयरों में रही गिरावट दूसरी ओर सन फार्मा , ट्रेंट , भारती एयरटेल , अल्ट्राटेक सीमेंट और इंडिगो के शेयरों में गिरावट दर्ज की गई। विदेशी बाजार कमजोर, फिर भी भारतीय बाजार मजबूत एशिया और यूरोप के अधिकांश प्रमुख शेयर बाजार लाल निशान में बंद हुए। वैश्विक स्तर पर आईटी शेयरों में बिकवाली का दबाव भी देखने को मिला, लेकिन इसके बावजूद भारतीय शेयर बाजार ने मजबूती दिखाते हुए शानदार तेजी के साथ सप्ताह का कारोबार समाप्त किया।