Full Story
काकामिगाहारा (जापान)। दिलप्रीत सिंह के चार गोल और सात अन्य खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन की बदौलत भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने रविवार को 20वें एशियाई खेलों के पूल-ए मुकाबले में इंडोनेशिया को 13-1 से करारी शिकस्त देकर अपने खिताब बचाओ अभियान का धमाकेदार आगाज किया। छठे मिनट में खुला खाता, फिर बढ़ता गया भारत का दबदबा कावासाकी जुको स्टेडियम में मुकाबला शुरू हुआ तो भारत ने ज्यादा वक्त बर्बाद नहीं किया। छठे मिनट में कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने ड्रैग फ्लिक से गोल की कोशिश की, लेकिन इंडोनेशिया के गोलकीपर आलम फजार ने उसे बचा लिया। गेंद रिबाउंड होकर निकली और शिलानंद लकरा ने मौका लपकते हुए उसे गोल में पहुंचा दिया। भारत 1-0 से आगे था और हमले की शुरुआत हो चुकी थी। इंडोनेशियाई गोलकीपर फजार ने इसके बाद मनदीप सिंह के कुछ प्रयास रोककर भारत को दूसरा गोल करने से जरूर रोका, लेकिन यह राहत ज्यादा देर नहीं चली। 12वें मिनट में शुरुआती प्रयास को फजार ने रोक दिया, मगर रिबाउंड पर अभिषेक ने गेंद गोल में पहुंचाकर बढ़त 2-0 कर दी। पहला क्वार्टर इसी स्कोर पर समाप्त हुआ। दूसरा क्वार्टर शुरू और दिलप्रीत ने दो मिनट में दाग दिए दो गोल अगर पहले क्वार्टर में भारत ने मैच पर पकड़ बनाई थी तो दूसरे क्वार्टर में उसने इंडोनेशिया के डिफेंस को पूरी तरह दबाव में ला दिया।और यहीं से शुरू हुआ दिलप्रीत सिंह का शो। दिलप्रीत ने 18वें मिनट में अपना पहला गोल दागा और अगले ही मिनट फिर निशाना साध दिया। महज दो मिनट के अंदर उनके दो गोल ने स्कोर तेजी से भारत के पक्ष में कर दिया लेकिन 19वें मिनट की कहानी यहीं खत्म नहीं हुई। राजिंदर सिंह ने भी इसी मिनट शानदार तालमेल से बने मौके को गोल में बदल दिया। इसके बाद 21वें मिनट में मनदीप सिंह ने टूर्नामेंट का अपना पहला गोल दाग दिया। गोल पर गोल... और इंडोनेशिया के लिए भारतीय हमलों को रोकना मुश्किल होता चला गया। पेनल्टी स्ट्रोक रुका, लेकिन हरमनप्रीत ने फिर किया वार इस बीच हरमनप्रीत सिंह के पास पेनल्टी स्ट्रोक से गोल करने का मौका आया लेकिन इंडोनेशिया के गोलकीपर फजार ने दाईं ओर डाइव लगाकर उनके प्रयास को रोक दिया। हरमनप्रीत ने इसका जवाब ज्यादा देर बाद नहीं दिया। 28वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर मिला और इस बार भारतीय कप्तान ने गेंद को गोल में पहुंचा दिया। हाफ टाइम की सीटी बजने तक स्कोर था— भारत 7, इंडोनेशिया 0। ओपन प्ले हो या पेनल्टी कॉर्नर, भारतीय टीम अलग-अलग तालमेल और तरीकों से लगातार गोल तलाश रही थी। इंडोनेशिया ने खोला खाता, भारत ने तीन गोल से दिया जवाब तीसरे क्वार्टर की शुरुआत में इंडोनेशिया को आखिरकार अपना पहला गोल मिल गया। 33वें मिनट में कप्तान औलिया अल अर्ध ने पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर स्कोर 7-1 किया। वीडियो रेफरल के बाद फैसला इंडोनेशिया के पक्ष में आया लेकिन भारत का जवाब बेहद तेज था। सिर्फ दो मिनट बाद 35वें मिनट में शिलानंद लाकड़ा ने मैच का अपना दूसरा गोल दाग दिया फिर बारी थी दिलप्रीत की। 37वें मिनट में दिलप्रीत सिंह ने तीसरा गोल दागकर अपनी हैट्रिक पूरी कर ली और अगले ही मिनट सुखजीत सिंह भी गोल करने वालों की सूची में शामिल हो गए। तीसरा क्वार्टर समाप्त हुआ तो स्कोरबोर्ड भारत की एकतरफा बढ़त की कहानी सुना रहा था— 10-1। आखिरी क्वार्टर में भी नहीं थमा भारतीय हमला नौ गोल की बढ़त के बावजूद भारत ने अंतिम क्वार्टर में आक्रमण की रफ्तार कम नहीं की। 47वें मिनट में मिले पेनल्टी कॉर्नर पर जुगराज सिंह का पहला प्रयास इंडोनेशिया के फर्स्ट रशर ने रोक दिया, लेकिन दूसरे प्रयास में जुगराज सिंह ने गेंद को गोल में पहुंचा दिया। स्कोर हुआ 11-1। अभी एक मिनट ही बीता था कि दाएं फ्लैंक से बने शानदार मूव को सुखजीत सिंह ने 48वें मिनट में गोल में बदल दिया। यह मैच में उनका दूसरा गोल था। भारत अब 12 गोल तक पहुंच चुका था, मगर दिलप्रीत का काम अभी बाकी था। 49वां मिनट... दिलप्रीत का चौथा गोल 49वें मिनट में अभिषेक के शुरुआती टच के बाद दिलप्रीत ने गेंद को डिफ्लेक्ट करके गोल में पहुंचाया। यह भारत का 13वां और दिलप्रीत का मैच में चौथा गोल था। इसके साथ ही स्कोर 13-1 हो गया और यही मुकाबले का अंतिम स्कोर रहा। भारत की जीत कितनी सामूहिक रही, इसका अंदाजा स्कोरशीट से लगाया जा सकता है। टीम के आठ अलग-अलग खिलाड़ियों ने गोल किए। दिलप्रीत सिंह ने 4 , जबकि शिलानंद लाकड़ा और सुखजीत सिंह ने 2-2 गोल दागे। अभिषेक, राजिंदर सिंह, मनदीप सिंह, हरमनप्रीत सिंह और जुगराज सिंह ने एक-एक गोल किया यानी भारत के 13 गोलों में दिलप्रीत की चौकड़ी सबसे बड़ी चमक रही, लेकिन उसके आसपास पूरी टीम का आक्रामक खेल दिखाई दिया। अब श्रीलंका की बारी, 22 सितंबर को दूसरा मुकाबला इंडोनेशिया पर 13-1 की बड़ी जीत के साथ भारत ने खिताब बचाने के अपने अभियान की जोरदार शुरुआत कर दी है। अब पूल-ए में भारत का दूसरा मुकाबला 22 सितंबर को श्रीलंका से होगा। मैच भारतीय समयानुसार दोपहर 3:30 बजे शुरू होगा।



Comments
0