Full Story

मुंबई। बॉलीवुड स्टार दीपिका पादुकोण और रणवीर सिंह के घर एक बार फिर किलकारी गूंजी है। शनिवार को दोनों दूसरी बार माता-पिता बने और दीपिका ने बेटी को जन्म दिया। कपल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'इंस्टाग्राम' पर नवजात बच्ची के नन्हे पैरों के निशान साझा कर यह खुशखबरी अपने प्रशंसकों को दी। दो साल पहले 8 सितंबर 2024 को उनकी पहली बेटी दुआ पादुकोण सिंह का जन्म हुआ था और अब दुआ को छोटी बहन मिल गई है। दीपिका और रणवीर ने अपने इंस्टाग्राम पोस्ट में नवजात बच्ची के फुटप्रिंट शेयर किए। खुशखबरी साझा करते हुए उन्होंने पोस्ट में नजर से बचाने वाला इमोजी भी लगाया। दुआ के हाथ में प्रेग्नेंसी किट, ऐसे सुनाई थी दूसरी खुशखबरी दीपिका और रणवीर ने इसी साल 19 अप्रैल को अपनी दूसरी प्रेग्नेंसी का ऐलान भी खास अंदाज में किया था। दोनों के इंस्टाग्राम हैंडल से शेयर की गई तस्वीर में उनकी बेटी दुआ के हाथ में पॉजिटिव प्रेग्नेंसी टेस्ट किट नजर आई थी। तस्वीर में रणवीर अपनी बेटी को गोद में लिए हुए थे। रणवीर का चेहरा तस्वीर में दिखाई नहीं दिया था जबकि दुआ का भी आधा चेहरा ही नजर आया था। इसी तस्वीर के जरिए कपल ने संकेत दिया था कि उनके परिवार में जल्द एक और नन्हा सदस्य आने वाला है। 2024 में हुआ था दुआ का जन्म दीपिका और रणवीर पहली बार 8 सितंबर 2024 को माता-पिता बने थे। उस समय दोनों ने सोशल मीडिया पर बेटी के जन्म की जानकारी देते हुए लिखा था, ‘वेलकम बेबी गर्ल।’ इससे पहले फरवरी 2024 में दीपिका ने अपनी पहली प्रेग्नेंसी की घोषणा की थी।ठीक दो साल बाद, 8 सितंबर 2026 को दुआ के दूसरे जन्मदिन पर दीपिका और रणवीर ने अपनी फैमिली तस्वीरें भी साझा की थीं। जॉइंट इंस्टाग्राम पोस्ट में शेयर की गई इन तस्वीरों में दीपिका अपना बेबी बंप दिखाती नजर आई थीं। उनके साथ रणवीर और दुआ भी तस्वीरों में थे और अब परिवार में दूसरी बेटी के आने से उनकी यह फैमिली चार सदस्यों की हो गई है। ‘राम-लीला’ के सेट पर शुरू हुई थी प्रेम कहानी दीपिका और रणवीर की प्रेम कहानी साल 2013 में फिल्म ‘गोलियों की रासलीला राम-लीला’ के सेट से शुरू हुई थी। कई साल तक रिश्ते में रहने के बाद दोनों ने 2018 में इटली में शादी की। इसके बाद सितंबर 2024 में दुआ का जन्म हुआ और अब सितंबर 2026 में दोनों दूसरी बेटी के माता-पिता बने हैं। बेटी के जन्म से पहले बप्पा के दरबार पहुंचे थे रणवीर दूसरी बेटी के जन्म से महज कुछ दिन पहले रणवीर सिंह मुंबई के प्रसिद्ध लालबागचा राजा पंडाल पहुंचे थे। गुरुवार को उन्होंने गणपति बप्पा के दर्शन कर अपने परिवार के लिए आशीर्वाद लिया था। रणवीर ने कहा था कि बीता साल उनके और उनके परिवार के लिए खुशियों से भरा रहा और वह बप्पा को धन्यवाद देने तथा आगे के जीवन के सफर के लिए आशीर्वाद लेने पहुंचे हैं। इसी दौरान उन्होंने ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत 1,000 बेटियों की शिक्षा में मदद करने का संकल्प भी लिया था। रणवीर ने कहा था कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर वह इस अभियान से जुड़कर एक हजार बेटियों की पढ़ाई में मदद करने का संकल्प ले रहे हैं।