Full Story

मोतिहारी। बिहार में पूर्वी चंपारण जिले के घोड़ासहन में सोने के आभूषणों की कथित अवैध खरीद-बिक्री की सूचना पर पुलिस ने छापेमारी कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से करीब 53 ग्राम सोने के विभिन्न आभूषण और तीन मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। पुलिस अब यह पता लगा रही है कि बरामद गहनों का संबंध किसी चोरी या लूट की घटना से तो नहीं है। सूचना के सत्यापन के बाद पुरनहिया मोड़ पर छापेमारी पुलिस के अनुसार, नौ सितंबर को घोड़ासहन थाना क्षेत्र के पुरनहिया मोड़ के पास सोने के आभूषणों की अवैध खरीद-बिक्री की सूचना मिली थी। सूचना का सत्यापन करने के बाद सिकरहना के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अभिषेक कुमार के नेतृत्व में टीम गठित की गई। टीम ने मौके पर पहुंचकर छापेमारी की। पुलिस को देखकर भागने का आरोप, पीछा कर पकड़ा पुलिस का कहना है कि टीम को देखते ही दो संदिग्ध भागने लगे। पुलिसकर्मियों ने पीछा कर दोनों को पकड़ लिया और तलाशी ली।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बंजरिया थाना क्षेत्र के गोबरी निवासी शेख सोबराती और दरपा थाना क्षेत्र के गमरहिया कला निवासी शैलेश कुमार के रूप में हुई है। मंगलसूत्र से नोज पिन तक, कई तरह के गहने मिले तलाशी के दौरान पुलिस ने 12 पीस ढोलना, दो मंगलसूत्र, 10 पीस मारवाड़ी नथ, सात नोज पिन, आठ कान के झुमके, दो जितिया और दो घुंघरू बरामद किए। पुलिस के मुताबिक, इन सोने के आभूषणों का कुल वजन करीब 53 ग्राम है। कार्रवाई में तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। गहनों का स्रोत तलाश रही पुलिस दोनों आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। जांच में बरामद आभूषणों के स्रोत और उनकी खरीद-बिक्री से जुड़ी परिस्थितियों का पता लगाया जा रहा है। पुलिस इस बात की भी पड़ताल कर रही है कि गहने किसी चोरी या लूट की घटना से जुड़े हैं या नहीं। फिलहाल किसी ऐसी घटना से इनका संबंध पुष्ट होने की जानकारी नहीं दी गई है।