Full Story
लातेहार। झारखंड में नक्सलियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए सुरक्षा बलों ने गिरफ्तार 20 लाख रुपये के इनामी हार्डकोर माओवादी रविंद्र गंझू की निशानदेही पर जंगल में छुपाकर रखा गया हथियारों का जखीरा बरामद किया है, जिसमें एक एके-56 रायफल, दो मैगजीन और 90 कारतूस शामिल हैं। गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में खुला बड़ा राज पुलिस सूत्रों ने रविवार को बताया कि 12 जुलाई को विशेष अभियान के दौरान गिरफ्तार किए गए माओवादी रीजनल कमेटी सदस्य रविंद्र गंझू उर्फ मुकेश गंझू उर्फ सुरेंद्र गंझू से पूछताछ में कई महत्वपूर्ण जानकारियां मिलीं। इसके आधार पर लातेहार जिले के बेतर थाना क्षेत्र के बंडी गांव के पास जंगल में विशेष छापेमारी अभियान चलाया गया। छापेमारी के दौरान नक्सलियों द्वारा छुपाकर रखे गए हथियार और गोला-बारूद बरामद किए गए। एके-56, मैगजीन और 90 कारतूस बरामद बरामद हथियारों में एक एके-56 स्वचालित रायफल , दो मैगजीन, 90 जिंदा कारतूस और एक काले रंग का पाउच शामिल है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इन हथियारों का इस्तेमाल किन घटनाओं में किया गया था और इनका नेटवर्क किन-किन लोगों से जुड़ा है। हथियार नेटवर्क तोड़ना पुलिस की प्राथमिकता लातेहार के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी संदीप कुमार गुप्ता ने रविवार को संवाददाता सम्मेलन में कहा कि जिले में नक्सली संगठनों के हथियारों के नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त करना पुलिस की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि बरामद हथियारों के संबंध में कई बिंदुओं पर जांच जारी है और इससे नक्सली संगठन की गतिविधियों से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां मिलने की उम्मीद है। नक्सल विरोधी अभियान रहेगा जारी श्री गुप्ता ने कहा कि जिले में उग्रवाद के खिलाफ लगातार प्रभावी अभियान चलाया जा रहा है और आगे भी इसी तरह की कार्रवाई जारी रहेगी। आम लोगों से भी अपील की गई है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। इन बलों ने मिलकर चलाया अभियान इस संयुक्त अभियान में लातेहार पुलिस के साथ एसएटी-01 , एसएटी-45 , कोबरा-209 , सीआरपीएफ और जिला पुलिस बल के अधिकारियों एवं जवानों ने हिस्सा लिया। पुलिस ने अभियान में शामिल सभी जवानों और अधिकारियों की सराहना करते हुए कहा कि नक्सलियों के खिलाफ कार्रवाई और तेज की जाएगी।



Comments
0