Full Story
वॉशिंगटन। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर ईरान के साथ तनाव बढ़ाने वाला कदम उठाते हुए अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रूथ सोशल पर एक नक्शा साझा किया है, जिसमें दुनिया के सबसे अहम समुद्री व्यापार मार्गों में से एक हॉर्मुज जलडमरूमध्य को "न्यू यूएस टेरिटरी" यानी अमेरिका का नया क्षेत्र दिखाया गया है। उनकी इस पोस्ट के बाद एक बार फिर अमेरिका-ईरान टकराव को लेकर नई बहस छिड़ गई है। https://truthsocial.com/@realDonaldTrump/posts/117116198386080523 ट्रंप ने फिर दिखाई हॉर्मुज पर दावेदारी श्री ट्रंप ने जिस नक्शे को साझा किया, उसमें हॉर्मुज जलडमरूमध्य को अमेरिका का नया क्षेत्र बताया गया है। यह पहली बार नहीं है, जब ट्रंप ने ऐसा दावा किया हो। पिछले सप्ताह भी उन्होंने कहा था कि जल्द ही हॉर्मुज जलडमरूमध्य को अमेरिकी क्षेत्र घोषित किया जाएगा। उस समय ईरान ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा था कि "हॉर्मुज हमेशा ईरान का रहेगा।" क्या है हॉर्मुज जलडमरूमध्य, जिस पर दुनिया की नजर रहती है? हॉर्मुज जलडमरूमध्य दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण समुद्री व्यापार मार्गों में से एक है। दुनिया में समुद्र के रास्ते होने वाले करीब 20 प्रतिशत तेल व्यापार इसी जलमार्ग से होकर गुजरता है। यही वजह है कि यहां किसी भी तरह का तनाव वैश्विक तेल बाजार और अर्थव्यवस्था पर सीधा असर डालता है। ईरान ने बंद किया रास्ता, बढ़ा टकराव अमेरिका और इजरायल के हमलों के जवाब में ईरान ने हॉर्मुज जलडमरूमध्य पर नियंत्रण कड़ा कर दिया है। इस दौरान ईरान और अमेरिका के बीच मिसाइल हमलों की घटनाओं में कई जहाज भी प्रभावित हुए हैं। दोनों देश इस रणनीतिक जलमार्ग पर नियंत्रण बनाए रखने की कोशिश कर रहे हैं। ट्रंप बोले- बातचीत नहीं, लेकिन हॉर्मुज खुला है श्री ट्रंप ने अपनी पोस्ट में कहा कि अमेरिका और ईरान के बीच कोई बातचीत नहीं चल रही है और न ही किसी वार्ता का कार्यक्रम तय है। उन्होंने यह भी दावा किया कि नौसैनिक नाकाबंदी पूरी तरह लागू है लेकिन हॉर्मुज जलडमरूमध्य खुला है और वहां जहाजों का संचालन जारी है। उन्होंने यह भी कहा कि जलमार्ग में मौजूद सभी समुद्री बारूदी सुरंगों को हटा दिया गया है या निष्क्रिय कर दिया गया है। ईरान का दावा- अभी नहीं खुलेगा रास्ता श्री ट्रंप के दावे के उलट, ईरान का कहना है कि हॉर्मुज जलडमरूमध्य तब तक बंद रहेगा जब तक अमेरिका अंतरिम समझौते की शर्तों का पालन नहीं करता। यानी दोनों देशों के दावे एक-दूसरे से बिल्कुल अलग हैं और इस रणनीतिक जलमार्ग को लेकर तनाव अब भी बरकरार है। ग्रीनलैंड और कनाडा के बाद अब हॉर्मुज पर नजर? ग्रीनलैंड और कनाडा को अमेरिका में शामिल करने जैसे बयानों के बाद अब श्री ट्रंप की नजर हॉर्मुज जलडमरूमध्य पर दिखाई दे रही है। हालांकि, ट्रंप की इस नई सोशल मीडिया पोस्ट पर अमेरिकी प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक नीति संबंधी घोषणा नहीं की गई है। क्यों अहम है यह पोस्ट? श्री ट्रंप की यह पोस्ट ऐसे समय आई है, जब पश्चिम एशिया में तनाव चरम पर है और हॉर्मुज जलडमरूमध्य वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति का सबसे संवेदनशील केंद्र बना हुआ है। ऐसे में श्री ट्रंप का इसे "न्यू यूएस टेरिटरी" बताने वाला नक्शा साझा करना केवल सोशल मीडिया पोस्ट नहीं, बल्कि एक बड़ा राजनीतिक और कूटनीतिक संदेश माना जा रहा है।



Comments
0