Full Story

रामगढ़। झारखंड के रामगढ़ जिले के मांडू थाना क्षेत्र में जमीन विवाद में गिरिडीह के सब-रजिस्ट्रार बालेश्वर पटेल की हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर सात आरोपियों को गिरफ्तार कर हत्या में इस्तेमाल खून से सनी ईंट और बांस का डंडा बरामद कर लिया। जमीन विवाद ने ली सरकारी अधिकारी की जान रामगढ़ जिले के बलसगरा गांव में मंगलवार सुबह महज 11 डिसमिल जमीन के विवाद ने खूनी रूप ले लिया। गिरिडीह में पदस्थापित सब-रजिस्ट्रार बालेश्वर पटेल के साथ कुछ लोगों ने कथित तौर पर मारपीट की, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस उन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल, रामगढ़ ले गई, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पत्नी की शिकायत पर दर्ज हुआ हत्या का केस रामगढ़ के पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुणायत ने बुधवार को बताया कि मृतक की पत्नी की शिकायत पर मांडू थाना में कांड संख्या 151/2026 दर्ज कर जांच शुरू की गई। घटनास्थल पर एफएसएल टीम को बुलाकर वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए पतरातू एसडीपीओ के नेतृत्व में विशेष जांच टीम का गठन किया गया। वीडियो फुटेज और पूछताछ से पुलिस पहुंची आरोपियों तक विशेष टीम ने स्थानीय लोगों से पूछताछ, गुप्त सूचना और घटना के वीडियो फुटेज का विश्लेषण किया। इसके आधार पर लगातार छापेमारी कर हत्या में शामिल सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में संतोष कुमार साव उर्फ पप्पम (35), रामू साव उर्फ ज्ञानी (72), शकुंतला देवी (60), रूबी कुमारी (24), विनय कुमार, पूजा कुमारी और लक्ष्मी देवी उर्फ डॉली कुमारी शामिल हैं। हत्या में इस्तेमाल ईंट और बांस का डंडा बरामद पूछताछ के दौरान आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल खून से सना ईंट का टुकड़ा और खून लगा बांस का डंडा बरामद किया। पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है, जबकि मामले की आगे की जांच जारी है। 24 घंटे में खुलासे पर पुलिस टीम की सराहना एसपी मुकेश कुमार लुणायत ने बताया कि इस कार्रवाई में पतरातू एसडीपीओ रजत कुमार , मांडू थाना प्रभारी सदानंद कुमार , वेस्ट बोकारो ओपी प्रभारी दीपक कुमार , कुजू ओपी प्रभारी आशुतोष कुमार सिंह , सब-इंस्पेक्टर राम महली , दामोदर राम समेत महिला एवं पुरुष पुलिस बल के जवान शामिल थे। पुलिस टीम ने समन्वित कार्रवाई करते हुए महज एक दिन के भीतर मामले का खुलासा कर सभी आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की।