Full Story

नई दिल्ली। असम के जोरहाट वायु सेना स्टेशन पर शनिवार को लैंडिंग के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हुए भारतीय वायु सेना के एएन-32 मालवाहक विमान हादसे में स्क्वाड्रन लीडर समेत पांच वायु सेना जवान शहीद हो गए। वायु सेना की ओर से जारी आधिकारिक बयान में पुष्टि की गई है कि यह हादसा जोरहाट एयरबेस पर विमान के उतरने के दौरान हुआ। शुरुआती जानकारी के अनुसार लैंडिंग के समय विमान में आग लग गई, जिसके बाद वह दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है। देश ने खोए पांच बहादुर वायु योद्धा इस हादसे में स्क्वाड्रन लीडर प्रशांत सिंह, फ्लाइट लेफ्टिनेंट शुभम कुमार, सार्जेंट जितेंद्र शर्मा, अग्निवीरवायु खेमाराम कुमावत और अग्निवीरवायु दानिश आलम शहीद हो गए। वायु सेना ने कहा कि इन सभी जवानों ने कर्तव्य निभाते हुए सर्वोच्च बलिदान दिया है। वायु सेना ने जताया गहरा दुख वायु सेना ने अपने आधिकारिक बयान में कहा कि एएन-32 हादसे में पांच कर्मियों को खोना बेहद दुखद है। वायु सेना ने शहीदों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि इस कठिन समय में पूरा बल उनके साथ मजबूती से खड़ा है। लैंडिंग के दौरान हुआ हादसा सूत्रों के अनुसार, विमान जोरहाट एयरबेस पर उतर रहा था, तभी उसमें आग लग गई। देखते ही देखते विमान हादसे का शिकार हो गया। दुर्घटना के बाद राहत और बचाव दल तुरंत मौके पर पहुंच गए और स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश शुरू की गई। जांच से सामने आएगी हादसे की वजह वायु सेना ने कहा है कि हादसे से जुड़ी परिस्थितियों की विस्तृत जांच की जा रही है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही यह साफ हो पाएगा कि विमान में आग लगने और दुर्घटना की असली वजह क्या थी।