Full Story

मोतिहारी। भारतीय वायु सेना की सूर्यकिरण एरोबैटिक टीम (एसकेएटी) 25 सितंबर को बिहार के मोतिहारी के आसमान में अपनी अद्भुत हवाई कलाबाजी, सटीक उड़ान और अनुशासित टीमवर्क का प्रदर्शन करेगी। नौ लाल-सफेद हॉक एमके-132 विमानों के साथ होने वाला यह एरोबैटिक शो जिले के लोगों, खासकर युवाओं के लिए रोमांचकारी अनुभव होगा। वर्ष 2026 के प्रशिक्षण सत्र के सफल समापन के बाद सूर्यकिरण टीम अपनी नई संरचना के साथ देशभर में हवाई प्रदर्शनों की श्रृंखला के तहत मोतिहारी पहुंच रही है। इस वर्ष टीम में पांच नए सदस्य शामिल हुए हैं, जो अनुभवी पायलटों के साथ मिलकर टीम की गौरवशाली परंपरा को आगे बढ़ा रहे हैं। पांच मीटर से भी कम दूरी पर उड़ेंगे विमान सूर्यकिरण टीम के प्रदर्शन में लूप, बैरल रोल, उल्टी उड़ान और प्रतिष्ठित डीएनए मैन्युवर जैसे जटिल हवाई करतब शामिल होंगे। इन करतबों के दौरान पायलटों के बीच असाधारण समन्वय, सटीकता और आपसी विश्वास देखने को मिलेगा। कुछ मैन्युवर्स में विमानों के बीच की दूरी पांच मीटर से भी कम रह जाती है, जो पायलटों के उच्च प्रशिक्षण, अनुशासन और कौशल को दर्शाती है। टीम के नौ हॉक एमके-132 विमान भारत में हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (एचएएल) द्वारा लाइसेंस के तहत निर्मित हैं। विमानों में भारतीय वायु सेना के बेस रिपेयर डिपो, नासिक द्वारा विकसित स्वदेशी रंगीन स्मोक पॉड्स लगाए गए हैं। इनके जरिए आसमान में केसरिया, सफेद और हरे रंग की धुआं-धाराएं बनाकर राष्ट्रीय ध्वज के रंगों का प्रदर्शन किया जाएगा। एशिया की एकमात्र नौ-विमानों वाली एरोबैटिक टीम वर्ष 1996 में स्थापित सूर्यकिरण एरोबैटिक टीम को एशिया की एकमात्र नौ-विमानों वाली एरोबैटिक टीम होने का गौरव प्राप्त है। टीम भारत में 800 से अधिक हवाई प्रदर्शन कर चुकी है। इसके अलावा चीन, श्रीलंका, म्यांमार, थाईलैंड, सिंगापुर और संयुक्त अरब अमीरात सहित विभिन्न देशों के अंतरराष्ट्रीय एयर शो में भारतीय वायु सेना का प्रतिनिधित्व कर चुकी है। भारतीय वायु सेना की ‘एंबेसडर्स ऑफ द इंडियन एयर फोर्स’ के रूप में सूर्यकिरण टीम देश-विदेश में वायु सेना की पेशेवर दक्षता, अनुशासन और उत्कृष्टता का प्रतिनिधित्व करती है। इसके प्रदर्शन युवाओं को सशस्त्र बलों में करियर बनाने के लिए प्रेरित करने और वायु सेना की कार्यसंस्कृति एवं मूल्यों से परिचित कराने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। बिहार के लिए खास होगा सूर्यकिरण का प्रदर्शन सूर्यकिरण टीम के मेडिकल ऑफिसर फ्लाइट लेफ्टिनेंट आदर्श चौधरी बिहार के निवासी हैं। ऐसे में मोतिहारी में होने वाला यह प्रदर्शन राज्य के लिए विशेष महत्व रखता है। ग्रुप कैप्टन अजय दसरथी के नेतृत्व में टीम नौ विमानों को एक इकाई के रूप में उड़ाते हुए अपनी सामूहिक दक्षता का प्रदर्शन करेगी। यह आयोजन युवाओं और आम नागरिकों को भारतीय वायु सेना की कार्यप्रणाली, उच्च प्रशिक्षण मानकों और समृद्ध विरासत को करीब से जानने का अवसर देगा। नौ विमानों को एक साथ सटीक फॉर्मेशन में उड़ते और आसमान में तिरंगे के रंग बिखेरते देखना मोतिहारी के लोगों के लिए एक यादगार अनुभव होगा। तो 25 सितंबर को मोतिहारी, आसमान की ओर देखिए, "सूर्यकिरण आ रही है।"