Full Story

मुंबई। रणवीर सिंह के जन्मदिन पर फिल्ममेकर एटली का एक खास पोस्ट सोशल मीडिया पर खूब चर्चा बटोर रहा है। एटली ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर रणवीर के साथ अपनी एक ब्लैक एंड व्हाइट कैंडिड तस्वीर साझा की और बेहद प्यार भरे अंदाज में उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। इस पोस्ट ने न सिर्फ दोनों की गहरी दोस्ती की झलक दिखाई, बल्कि फैंस के बीच उनकी प्रोफेशनल केमिस्ट्री को लेकर भी उत्साह बढ़ा दिया है। एटली ने तस्वीर के साथ लिखा, “ हैप्पी बर्थडे टू माय डियरस्ट रणवीर सिंह अन्ना! ” छोटा सा यह संदेश जरूर था, लेकिन इसमें अपनापन, दोस्ती और सम्मान साफ महसूस किया जा सकता है। रणवीर को प्यार से ‘अन्ना’ कहकर संबोधित करना फैंस के लिए खास आकर्षण बन गया, क्योंकि इस एक शब्द ने दोनों के ऑफ-स्क्रीन रिश्ते की गर्मजोशी को और भी खास बना दिया। एटली की यह पोस्ट ऐसे समय आई है जब रणवीर सिंह और एटली की संभावित फिल्मी साझेदारी को लेकर पहले से ही जबरदस्त चर्चा बनी हुई है। दोनों इससे पहले चिंग्स के हाई-एनर्जी और स्टाइलिश कमर्शियल में साथ नजर आ चुके हैं। यह ऐड अपने मजेदार अंदाज, दमदार विजुअल्स और रणवीर के अलग अवतार की वजह से काफी पसंद किया गया था। अब एटली की इस नई पोस्ट ने फैंस को वही यादें फिर से ताजा करा दी हैं। सोशल मीडिया पर फैंस इस पोस्ट को सिर्फ जन्मदिन की शुभकामना नहीं बल्कि एक खास इशारा भी मान रहे हैं। कई यूजर्स दोनों की ऑन-स्क्रीन और ऑफ-स्क्रीन केमिस्ट्री की तारीफ कर रहे हैं, तो वहीं कुछ फैंस अब इस जोड़ी को बड़े पर्दे पर साथ देखने की उम्मीद और भी ज्यादा करने लगे हैं। फिलहाल एटली का यह पोस्ट तेजी से वायरल हो रहा है और रणवीर के बर्थडे सेलिब्रेशन के बीच इसने फैंस को एक और वजह दे दी है खुश होने की। अब हर किसी की नजर इस बात पर टिकी है कि क्या यह दोस्ती जल्द ही किसी बड़े सिनेमाई धमाके में बदलने वाली है। इतना तय है कि एटली और रणवीर की जोड़ी ने एक बार फिर सोशल मीडिया पर हलचल जरर बढ़ा दी है।