Full Story
काकामिगाहारा (जापान)। मूसलाधार बारिश, पानी से भारी मैदान और गेंद को रफ्तार देना मुश्किल... लेकिन भारतीय पुरुष हॉकी टीम के गोलों की रफ्तार नहीं थमी। एशियन गेम्स 2026 में भारत ने अपने आखिरी पूल मुकाबले में बांग्लादेश को 10-0 से करारी शिकस्त देकर लगातार पांचवीं जीत दर्ज की। इस बड़ी जीत के साथ मौजूदा चैंपियन भारत ने पूल-ए में शीर्ष स्थान पर रहते हुए सेमीफाइनल का टिकट पक्का किया। अब 1 अक्टूबर को सेमीफाइनल में भारत और पाकिस्तान आमने-सामने होंगे। दूसरा सेमीफाइनल मलेशिया और दक्षिण कोरिया के बीच खेला जाएगा। हरमनप्रीत की हैट्रिक, शिलानंद का डबल धमाका भारतीय जीत के सबसे बड़े सितारे कप्तान हरमनप्रीत सिंह रहे, जिन्होंने हैट्रिक लगाई। शिलानंद लाकड़ा ने दो गोल दागे। इनके अलावा अभिषेक, जुगराज सिंह, सुखजीत सिंह, संजय और मनदीप सिंह ने एक-एक गोल कर बांग्लादेश के खिलाफ स्कोर को दोहरे अंक तक पहुंचाया। भारत के गोल इस तरह आए— अभिषेक (3'), जुगराज सिंह (22'), हरमनप्रीत सिंह (27', 40', 45'), सुखजीत सिंह (32'), शिलानंद लाकड़ा (44', 45'), संजय (59') और मनदीप सिंह (60')। 3 मिनट में खुला खाता भारत ने शुरुआत से ही अपने इरादे साफ कर दिए। तीसरे मिनट में संजय आक्रमण में आगे बढ़े और मुश्किल एंगल से उन्होंने अभिषेक को गेंद पहुंचाई। अभिषेक ने थोड़ा बाईं ओर खिसककर अपना ट्रेडमार्क रिवर्स हिट लगाया और गेंद बांग्लादेश के गोलकीपर को छकाते हुए नेट में जा पहुंची। हालांकि पहले क्वार्टर में लगातार हमले बनाने के बावजूद भारतीय टीम दूसरा गोल नहीं निकाल सकी। 12वें मिनट में बांग्लादेश को पेनल्टी कॉर्नर मिला, लेकिन आमिरुल इस्लाम के ड्रैग फ्लिक को भारतीय गोलकीपर सूरज करकेरा ने पैर से रोक दिया। 15वें मिनट में भारत को पेनल्टी कॉर्नर मिलता दिखा, लेकिन बांग्लादेश ने वीडियो रेफरल लिया और फैसला पलट गया। अभिषेक को लगी चोट, फिर मैदान पर लौटे इस दौरान भारत के लिए चिंता का एक छोटा पल भी आया। अभिषेक को चोट लगने के बाद फिजियो की मदद से मैदान से बाहर जाना पड़ा। हालांकि चोट गंभीर नहीं दिखी और वह बाद में दोबारा मैदान पर लौट आए। दूसरे क्वार्टर की शुरुआत में बूंदाबांदी तेज बारिश में बदल गई। मैदान पर पानी बढ़ने लगा और गेंद को तेजी से चलाना मुश्किल हो गया। इसके बावजूद 22वें मिनट में भारत ने बढ़त दोगुनी कर दी। सर्कल के अंदर मनदीप सिंह को बांग्लादेशी डिफेंडरों ने रोका और भारत को पेनल्टी कॉर्नर मिला। जुगराज सिंह का गोल की ओर जाता ड्रैग फ्लिक पोस्ट पर खड़े डिफेंडर के पैर से टकराया , जिसके बाद अंपायर ने पेनल्टी स्ट्रोक दिया। जुगराज ने बिना गलती किए इसे गोल में बदलकर स्कोर 2-0 कर दिया। कप्तान की स्टिक चली, हाफ टाइम तक 3-0 27वें मिनट में मनदीप ने शानदार तरीके से भारत के लिए एक और पेनल्टी कॉर्नर बनाया। इस बार कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने जिम्मेदारी संभाली और ताकतवर फ्लिक से बांग्लादेशी डिफेंस को भेद दिया। हाफ टाइम तक भारत 3-0 से आगे था। ब्रेक के बाद भारतीय टीम और ज्यादा आक्रामक नजर आई। 32वें मिनट में दिलप्रीत सिंह और सुखजीत सिंह की तेज टच-प्ले ने बांग्लादेश के गोलकीपर को छका दिया। सुखजीत के सामने खाली गोल था और उन्होंने आसानी से गेंद नेट में डालकर स्कोर 4-0 कर दिया। 40वें मिनट में विवेक सागर प्रसाद ने भारत के लिए पेनल्टी कॉर्नर बनाया। हरमनप्रीत फिर आगे आए और ड्रैग फ्लिक से अपना दूसरा गोल दाग दिया। भारत अब 5-0 आगे था। शिलानंद के लगातार दो वार इसके बाद मुकाबला पूरी तरह एकतरफा हो गया। शिलानंद लाकड़ा ने 44वें और 45वें मिनट में लगातार दो गोल दागकर स्कोर 7-0 कर दिया। भारत यहीं नहीं रुका। 45वें मिनट में मिले एक और पेनल्टी कॉर्नर पर हरमनप्रीत का फ्लिक रशर के पैरों के बीच से निकलकर गोल में पहुंच गया। इसके साथ ही भारतीय कप्तान की हैट्रिक पूरी हुई और तीसरा क्वार्टर खत्म होने तक भारत 8-0 की विशाल बढ़त बना चुका था। पानी बढ़ा, रफ्तार घटी; फिर भी आए दो गोल आखिरी क्वार्टर में बारिश और तेज हो गई। मैदान पर पानी बढ़ने से दोनों टीमों के लिए गेंद को गति देना मुश्किल था और कई अनफोर्स्ड गलतियां भी हुईं। इसके बावजूद भारत ने अंतिम मिनटों में दो और गोल निकाल लिए। 59वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर पर संजय ने सटीक एरियल ड्रैग फ्लिक लगाकर भारत का नौवां गोल किया। फिर मैच के आखिरी यानी 60वें मिनट में बांग्लादेश की रक्षापंक्ति की गलती का फायदा भारत ने उठाया। सुखजीत का प्रयास गोलकीपर ने रोक दिया, लेकिन रिबाउंड मनदीप सिंह के पास पहुंचा। मनदीप ने मौका नहीं गंवाया और गेंद नेट में डाल दी। स्कोर हो चुका था—भारत 10, बांग्लादेश 0। पांच मैच, पांच जीत और +45 का गोल अंतर भारत ने पूल-ए में शानदार दबदबा कायम रखा। टीम ने इंडोनेशिया, श्रीलंका, जापान, दक्षिण कोरिया और बांग्लादेश—पांचों टीमों को हराया। पांच लगातार जीत के साथ भारत ने पूल चरण का अंत +45 के जबरदस्त गोल अंतर के साथ किया और तालिका में शीर्ष स्थान हासिल किया। बारिश के कारण मुकाबले की शुरुआत भी निर्धारित समय से 30 मिनट देर से हुई थी। इससे पहले पाकिस्तान और ओमान का मैच भारी बारिश के कारण करीब 15 मिनट रोकना पड़ा था, जिसके चलते बाद के मुकाबलों के समय में बदलाव करना पड़ा। अब 01 अक्टूबर को भारत-पाकिस्तान की टक्कर पूल चरण में अपराजित रहने के बाद भारतीय टीम को सेमीफाइनल से पहले दो दिन का ब्रेक मिलेगा। इसके बाद 01 अक्टूबर को मुकाबला उस प्रतिद्वंद्वी से होगा जिसका इंतजार हमेशा खास रहता है- पाकिस्तान। भारत पांच लगातार जीत और +45 के गोल अंतर के साथ सेमीफाइनल में उतरेगा, जबकि दांव पर होगा एशियन गेम्स 2026 के फाइनल का टिकट।



Comments
0