Full Story

मुंबई। विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों ( एफपीआई ) ने जून के पहले तीन सप्ताह में भारतीय शेयर बाजार से 60,471 करोड़ रुपये की शुद्ध बिकवाली की है, जिससे बाजार में लगातार चौथे महीने उनकी निकासी का सिलसिला जारी रहा, हालांकि इस दौरान डेट बाजार में उनका निवेश बढ़ा है। केंद्रीय डिपॉजिटरी सर्विसेज (सीडीएसएल) के आंकड़ों के मुताबिक, जून में अब तक एफपीआई ने कुल 31105 करोड़ रुपये की शुद्ध निकासी की है। हालांकि इस दौरान उन्होंने डेट (बॉन्ड) बाजार में निवेश बढ़ाया है लेकिन शेयर बाजार से बड़े पैमाने पर पैसा निकाला है। इक्विटी बाजार पर सबसे ज्यादा दबाव जून के पहले तीन सप्ताह में एफपीआई ने इक्विटी में 60,471 करोड़ रुपये की शुद्ध बिकवाली की। वहीं म्यूचुअल फंड में उनका निवेश 128 करोड़ रुपये घटा है और हाइब्रिड निवेश साधनों से भी 1,419 करोड़ रुपये की निकासी हुई है। डेट मार्केट में बढ़ा विदेशी निवेश विदेशी निवेशकों के लिए कर और प्रक्रियागत नियमों में बदलाव के बाद डेट मार्केट में निवेश का रुझान मजबूत हुआ है। जून में अब तक एफपीआई ने डेट में 30,913 करोड़ रुपये का शुद्ध निवेश किया है। खास बात यह है कि इसमें से करीब 11,953 करोड़ रुपये का निवेश सिर्फ पिछले सप्ताह में आया है। लगातार चौथे महीने बिकवाली एफपीआई मार्च से लगातार भारतीय बाजार में बिकवाली कर रहे हैं। इससे पहले मई में 29,919 करोड़ रुपये, अप्रैल में 70,786 करोड़ रुपये और मार्च में 1,26,991 करोड़ रुपये की शुद्ध निकासी दर्ज की गई थी। 2026 में अब तक 2.5 लाख करोड़ रुपये की निकासी इस कैलेंडर वर्ष में जनवरी से अब तक एफपीआई भारतीय बाजार से कुल 2,50,025 करोड़ रुपये की शुद्ध निकासी कर चुके हैं। इसमें इक्विटी और म्यूचुअल फंड से पैसा निकाला गया है जबकि डेट बाजार में निवेश बढ़ाया गया है। अकेले इक्विटी बाजार की बात करें तो विदेशी निवेशक इस साल अब तक 2,85,403 करोड़ रुपये निकाल चुके हैं, जो भारतीय शेयर बाजार के लिए चिंता का विषय बना हुआ है।