Full Story
पटना। बिहार विधानसभा के मानसून सत्र के बीच मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के विधायकों को स्पष्ट संदेश दिया कि वे सदन की कार्यवाही में पूरी सक्रियता से भाग लें और सरकार की विकास योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाएं। सदन में उपस्थिति बढ़ाने पर दिया जोर श्री चौधरी ने विधानसभा के मानसून सत्र के पहले दिन की कार्यवाही समाप्त होने के बाद सेंट्रल हॉल में आयोजित एनडीए विधायक दल की बैठक में कहा, “विधायक केवल अपने क्षेत्र का ही नहीं बल्कि सदन का भी दायित्व निभाएं।” उन्होंने विशेष रूप से दूसरे सत्र में कम उपस्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए सभी सदस्यों से नियमित रूप से सदन में उपस्थित रहने और चर्चा में सक्रिय भागीदारी करने को कहा। जनता तक पहुंचाएं विकास योजनाओं का लाभ मुख्यमंत्री ने विधायकों से कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी और विकास योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना उनकी भी जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी जनप्रतिनिधियों से अपने-अपने क्षेत्रों में योजनाओं का प्रभावी प्रचार-प्रसार करने और जनता को उनका लाभ दिलाने में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की। बांकीपुर उपचुनाव को बताया प्रतिष्ठा की लड़ाई बैठक के बाद लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा-रामविलास) विधायक दल के नेता राजू तिवारी ने बताया कि मुख्यमंत्री श्री चौधरी ने बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को एनडीए के लिए प्रतिष्ठा का विषय बताया। उन्होंने सभी विधायकों से अपने क्षेत्र के कार्यों के साथ-साथ शाम के समय बांकीपुर में चुनाव प्रचार के लिए भी समय निकालने और राजग की बड़ी जीत सुनिश्चित करने का आग्रह किया। एकजुटता का दिया संदेश बैठक में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा), जनता दल यूनाइटेड (जदयू), लोजपा (रामविलास), हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) और राष्ट्रीय लोक मोर्चा (रालोमो) के सभी विधायक शामिल हुए। बैठक का उद्देश्य राजग के सभी घटक दलों के बीच बेहतर समन्वय और एकजुटता को मजबूत करना था ताकि जनता के बीच गठबंधन की मजबूती का स्पष्ट संदेश जा सके। सरकार और संगठन दोनों को मजबूत करने पर जोर मुख्यमंत्री ने कहा कि विधायक सदन में सक्रिय भूमिका निभाकर नीति निर्माण में योगदान दें और दूसरी ओर जनता के बीच सरकार की उपलब्धियों और विकास कार्यों को प्रभावी ढंग से पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी से ही सरकार की योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंच सकेगा और विकास की गति और तेज होगी।



Comments
0