Full Story

मुंबई। यश राज फिल्म्स ने अपनी बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘अल्फा’ का टीज़र जारी कर दिया है, जिसमें आलिया भट्ट एक ऐसी लड़की के किरदार में नजर आ रही हैं जिसे बचपन से ही खतरनाक असैसिन बनने के लिए तैयार किया जाता है। टीजर में आलिया भट्ट एक दमदार और रहस्यमयी किरदार में नजर आ रही हैं। उनकी इस खतरनाक यात्रा के पीछे बॉबी देओल का किरदार दिखाई देता है, जो उन्हें एक पेशेवर किलर के रूप में तैयार करता है। टीजर ने दर्शकों के बीच फिल्म को लेकर उत्सुकता और बढ़ा दी है। हालांकि फिल्म की दूसरी प्रमुख अभिनेत्री शर्वरी के किरदार से अभी पर्दा नहीं उठाया गया है। वाईआरएफ की रणनीति के तहत फिल्म के सभी मुख्य किरदारों को चरणबद्ध तरीके से दर्शकों के सामने लाया जाएगा, जिससे फिल्म को लेकर रोमांच लगातार बना रहे। ‘अल्फा’ को भारतीय सिनेमा की पहली ऐसी बड़े पैमाने की एक्शन फिल्म बताया जा रहा है, जिसकी कहानी दो महिला किरदारों के इर्द-गिर्द घूमती है। फिल्म सिर्फ एक्शन ही नहीं बल्कि आत्मविश्वास, साहस और ‘अल्फा एटीट्यूड’ की भी कहानी है। निर्माताओं के मुताबिक, फिल्म में जबरदस्त एक्शन, रोमांच, इमोशन, हास्य और कई चौंकाने वाले ट्विस्ट देखने को मिलेंगे, जो दर्शकों को शुरू से आखिर तक बांधे रखेंगे। शिव रवैल के निर्देशन में बनी ‘अल्फा’ 03 जुलाई 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म में अनिल कपूर भी महत्वपूर्ण भूमिका में नजर आएंगे। वाईआरएफ स्पाई यूनिवर्स की यह नई पेशकश दर्शकों को एक ऐसी कहानी दिखाने का वादा करती है, जहां ताकत, जज्बा और मिशन के लिए किसी भी हद तक जाने का जुनून देखने को मिलेगा।