Full Story
मुंबई। हकीकत पर आधारित फिल्में और वेब शोज हमेशा दर्शकों का ध्यान अपनी तरफ खींचते हैं क्योंकि इनमें सिर्फ ड्रामा नहीं बल्कि उन वाक़ियात की झलक मिलती है जो वाकई पेश आ चुके होते हैं और यही वजह है कि ‘उरी: द सर्जिकल स्ट्राइक’, ‘द कश्मीर फाइल्स’, ‘आर्टिकल 370’ से लेकर ‘इंस्पेक्टर जेंडे’ और ‘गवर्नर’ जैसी पेशकश आज भी लोगों के बीच खास मशहूर हैं। आइए जानते हैं ऐसी ही छह चर्चित फिल्मों और शोज़ के बारे में। साबरमती रिपोर्ट: एक दर्दनाक घटना की कहानी साल 2024 में रिलीज़ हुई द साबरमती रिपोर्ट 2002 के गोधरा ट्रेन कांड पर आधारित है। निर्देशक धीरज सरना और रंजन चंदेल ने इस संवेदनशील विषय को संतुलित और प्रभावशाली अंदाज़ में पर्दे पर उतारा, जिसे दर्शकों ने काफी पसंद किया। इंस्पेक्टर जेंडे: सीरियल किलर के पीछे पुलिस की जंग 2025 में आई इंस्पेक्टर जेंडे एक खतरनाक सीरियल किलर कार्ल भोजराज और उसे पकड़ने के मिशन पर निकले पुलिस अधिकारी की कहानी है। क्राइम थ्रिलर के साथ हल्के हास्य का तड़का इस शो को और दिलचस्प बनाता है। गवर्नर: जब देश की अर्थव्यवस्था दांव पर थी मनोज बाजपेयी और चिन्मय मांडलेकर अभिनीत गवर्नर 1990 के दशक के आर्थिक संकट की पृष्ठभूमि पर आधारित है। भारतीय रिज़र्व बैंक के गवर्नर ए. रमणन की चुनौतियों और फैसलों को रोमांचक अंदाज़ में दिखाया गया है। द कश्मीर फाइल्स: दर्द और विस्थापन की दास्तान विवेक अग्निहोत्री की द कश्मीर फाइल्स 1990 में कश्मीरी पंडितों के पलायन की घटना पर आधारित है। फिल्म ने उस दौर के दर्द, संघर्ष और त्रासदी को भावनात्मक तरीके से सामने लाकर देशभर में बड़ी बहस छेड़ दी थी। आर्टिकल 370: बदलते कश्मीर की कहानी यामी गौतम और प्रियमणि स्टारर आर्टिकल 370 जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाए जाने की घटना पर आधारित है। दमदार पटकथा और तेज़ रफ्तार कहानी के कारण यह फिल्म दर्शकों और समीक्षकों दोनों की पसंद बनी। उरी: द सर्जिकल स्ट्राइक ने जगाया देशभक्ति का जज़्बा 2016 के उरी आतंकी हमले के बाद भारतीय सेना द्वारा किए गए सर्जिकल स्ट्राइक पर आधारित उरी: द सर्जिकल स्ट्राइक आज भी सबसे लोकप्रिय देशभक्ति फिल्मों में गिनी जाती है। विक्की कौशल के दमदार अभिनय और फिल्म के जोशीले संवादों ने इसे यादगार बना दिया। हकीकत से जुड़ी कहानियों का बढ़ रहा क्रेज ओटीटी और सिनेमाघरों में दर्शक अब ऐसी कहानियों को ज्यादा पसंद कर रहे हैं, जो सिर्फ मनोरंजन नहीं बल्कि इतिहास, समाज और देश की अहम घटनाओं से भी जुड़ी हों। यही वजह है कि सच्ची घटनाओं पर आधारित फिल्में और वेब शोज़ लगातार लोकप्रियता हासिल कर रहे हैं।



Comments
0