Full Story
मोतिहारी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर मोतिहारी में शुरू हुआ ‘सेल्फी विद मोदी जी’ अभियान शहरवासियों के आकर्षण का केंद्र बन गया है। चरखा पार्क के पीछे नवनिर्मित दीनदयाल भवन में प्रधानमंत्री की सिलिकॉन प्रतिमा स्थापित की गई है। प्रतिमा के साथ सेल्फी लेने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं और अपने परिवार तथा मित्रों के साथ इस खास मौके की यादें संजो रहे हैं। दीनदयाल भवन में सेल्फी लेने का उत्साह प्रधानमंत्री की प्रतिमा स्थापित होने के बाद दीनदयाल भवन में लोगों की आवाजाही बढ़ी है। शहरवासी प्रतिमा के साथ तस्वीरें लेकर ‘सेल्फी विद मोदी जी’ अभियान में हिस्सा ले रहे हैं। आयोजकों के अनुसार, यह पहल प्रधानमंत्री के जन्मदिवस को यादगार बनाने और उनके प्रति लोगों के सम्मान एवं आत्मीय जुड़ाव को अभिव्यक्त करने के उद्देश्य से की गई है। ‘करोड़ों भारतीयों के लिए प्रेरणा हैं प्रधानमंत्री’ मोतिहारी के सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री राधा मोहन सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी केवल एक व्यक्तित्व नहीं, बल्कि करोड़ों भारतीयों के लिए नए भारत के संकल्प, सेवा और विकास की प्रेरणा हैं। उनकी सिलिकॉन प्रतिमा को देखकर ऐसा अनुभव होता है, मानो उनके व्यक्तित्व और विचारों से साक्षात्कार हो रहा हो। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने अपने सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों में सेवा, समर्पण और राष्ट्र निर्माण की जो यात्रा तय की है, वह देशवासियों के लिए प्रेरणास्रोत है। उनके नेतृत्व में भारत ने आत्मविश्वास के साथ विकसित एवं आत्मनिर्भर भारत के संकल्प की दिशा में उल्लेखनीय प्रगति की है। परिवार और मित्रों के साथ संजोएं यादगार पल श्री सिंह ने कहा कि दीनदयाल भवन में स्थापित प्रतिमा प्रधानमंत्री के व्यक्तित्व और विचारों के प्रति लोगों के सम्मान एवं आत्मीय जुड़ाव का प्रतीक है। यह स्थान मोतिहारीवासियों के लिए आकर्षण का केंद्र बन रहा है, जहां लोग परिवार और मित्रों के साथ पहुंचकर प्रधानमंत्री की प्रतिमा के साथ सेल्फी लेकर इस विशेष अवसर की स्मृतियां संजो सकते हैं। सांसद ने मोतिहारीवासियों से चरखा पार्क के पीछे स्थित नवनिर्मित दीनदयाल भवन पहुंचकर ‘सेल्फी विद मोदी जी’ अभियान का हिस्सा बनने का आह्वान किया।



Comments
0